मध्य प्रदेश में ठंड का एक तेज दौर दिखाएगा कहर… बारिश की चेतावनी

khabar pradhan

संवाददाता

22 January 2026

अपडेटेड: 7:23 PM 0ndGMT+0530

मध्य प्रदेश में ठंड का एक तेज दौर दिखाएगा कहर… बारिश की चेतावनी

सावधान– मौसम ले रहा है फिर करवट –भारी बारिश की संभावना:

मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के असर से भले ही अभी कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली हो, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड का तेज दौर और बारिश दोनों ही लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं।

बुधवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस मंदसौर में दर्ज किया गया, जो फिलहाल सबसे ठंडा स्थान रहा।
ग्वालियर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, वहीं दिन के समय सबसे अधिक तापमान मंडला में 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इंदौर में पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे मौसम में हल्की नमी महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही गुरुवार को ग्वालियर, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक इस समय उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर ,ऊपरी वायुमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे एक द्रोणिका भी जुड़ी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर भी मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर तेज गति से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं, जो पूरे मौसम तंत्र को प्रभावित कर रही हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि 26 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत को प्रभावित कर सकता है।  मौसम वैज्ञानिको  के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के लगभग तीन दिन बाद प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड का एक तेज दौर देखने को मिल सकता है। साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।

कुल मिलाकर, प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम बदलता नजर आएगा, जहां एक ओर ठंड बढ़ेगी तो दूसरी ओर बारिश और कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

22 जनवरी  से बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।  हवा की बदलती दिशा और बादल की मौजूदगी के कारण ठंड अभी कम महसूस हो रही है किंतु बारिश के बाद एक बार फिर  तापमान गिरेगा और सर्दी का कहर शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि ठंड अभी पूरी तरह खत्म नहीं होने वाली है । फरवरी और मार्च के महीने में रुक-रुक कर ठंड का असर बना रह सकता है। फिलहाल बारिश के कारण होने वाली ठंड से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

टिप्पणियां (0)