मध्य प्रदेश सरकार को जून तक मिलेगा नया ‘चैलेंजर’ विमान, कीमत ₹ 250 करोड़
संवाददाता
7 March 2026
अपडेटेड: 1:21 PM 0thGMT+0530
7 मार्च 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार को जून तक नया चैलेंजर विमान मिलने की संभावना है। लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत वाला यह विमान कनाडा की कंपनी बॉम्बार्डियर इंक का चैलेंजर-3500 मॉडल होगा। यह सुपर मिड साइज बिजनेस जेट आधुनिक तकनीक और उन्नत सिस्टम से लैस है।
इस विमान की खासियत है कि यह दिन-रात और लगभग हर मौसम में उड़ान भर सकता है। विमान की अधिकतम रफ्तार करीब 870 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और यह एक बार में 6297 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकेगा। यानी भोपाल से बिना रुके जापान तक उड़ान भरने की क्षमता इसमें होगी।
चैलेंजर-3500 में अत्याधुनिक वॉइस कंट्रोल केबिन, हाई क्वालिटी सेफ्टी फीचर्स और आरामदायक सीटिंग व्यवस्था होगी। इसमें एक बार में 9 यात्री यात्रा कर सकेंगे। टेकऑफ के लिए इसे लगभग 1474 मीटर रनवे की आवश्यकता होगी, जिससे यह छोटे एयरपोर्ट से भी उड़ान भर सकेगा।
विमान का केबिन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें 360 डिग्री घूमने वाली सीटें, काउच और एडवांस पेंट्री किचन शामिल हैं। यह विमान करीब 3400 नॉटिकल माइल्स की दूरी तय करने में सक्षम है।
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश सरकार के पास वर्ष 2021 से अपना विमान नहीं था। इसके बाद नया विमान खरीदने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जो अब पूरी होने जा रही है। फिलहाल सरकारी कामकाज के लिए विमान किराए पर लिया जाता रहा है।
वहीं अगले साल प्रदेश सरकार को फ्रांस की कंपनी एयरबस हेलीकॉप्टर्स का बना एच-160 हेलीकॉप्टर भी मिलने की संभावना है, जो 8 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक हेलीकॉप्टर होगा। इस कंपनी के वर्तमान में लगभग 6 हेलीकॉप्टर भारत में उड़ रहे हैं । यह एक जेट इंजन हेलीकॉप्टर है, जो अत्यधिक एडवांस तकनीक से लैस है । वॉइस कंट्रोल केबिन है। इसमें एक बार में 8 पैसेंजर यात्रा कर सकेंगे । केबिन की ऊंचाई 4.33 फीट है, जबकि चौड़ाई 7.02 फिट है । यह हाई स्पीड हेलीकॉप्टर होगा जिसकी रेंज 890 किलोमीटर है ।