*माघ पूर्णिमा स्नान के दौरान बेकाबू कुत्ते का हमला, 14 श्रद्धालु घायल*
संवाददाता
2 February 2026
अपडेटेड: 1:18 PM 0ndGMT+0530
माघ पूर्णिमा के अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में कुल 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ घाट मार्ग पर मौजूद थी, तभी अचानक एक कुत्ता लोगों को काटता हुआ दौड़ने लगा। पहले उसने घाट के पास खड़े लोगों को निशाना बनाया, इसके बाद वह सड़क की ओर भागा और रास्ते में बाइक सवारों व पैदल चल रहे लोगों पर भी हमला कर दिया।
घटना के समय घाट पर सामान्य से अधिक भीड़ थी, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। एक महिला के शोर मचाने पर कुत्ता और अधिक उग्र हो गया और उसने आसपास मौजूद अन्य लोगों को भी काट लिया।
स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह कुत्ते को भगाया गया, जिसके बाद वह आदमगढ़ पुलिया की ओर भाग गया।
सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल में लगातार डॉग बाइट के मरीज पहुंचने के कारण स्वास्थ्य अमला सतर्क है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।