योग गुरु के हाथ पैर बांध दफनाया ज़िंदा
संवाददाता
27 March 2025
अपडेटेड: 12:08 PM 0thGMT+0530

दिल दहला देने वाली वारदात
हरियाणा के रोहतक जिले से लापता योग शिक्षक का शव चरखी दादरी में जमीन के अंदर से पड़ा मिला है। दुस्ट आरोपियों ने योग शिक्षक को जमीन में जिंदा गाड़ दिया था।
हरियाणा के रोहतक जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन माह पहले लापता हुए योग शिक्षक का शव चरखी दादरी में एक गड्ढे से बरामद किया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी की पत्नी के साथ संदिग्ध संबंध की वजह से योग शिक्षक को ‘जिंदा दफना दिया गया था’। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय जगदीप यहां एक संस्थान में काम कर रहा था और पिछले कुछ वक्त से किराए के मकान में रह रहा था। जगदीप तीन माह पहले लापता हो गया था, जिसके बाद उसके परिवार ने शिवाजी कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, सुराग के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित मामले की जांच के सिलसिले में मुख्य आरोपी राजकरण के दो साथियों को गिरफ्तार किया गया। राजकरण को अपनी पत्नी और जगदीप के बीच संबंध होने का संदेह था। पूछताछ के बाद पुलिस ने चरखी दादरी के एक गांव में सात फुट गहरे गड्ढे से शव को बाहर निकाला है। पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी राजकरण फरार है। उसे और मामले के एक अन्य आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। मुख्य आरोपी के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि राजकरण को शक था कि उसकी पत्नी का योग शिक्षक के साथ अवैध संबंध है। हालांकि, राजकरण के पकड़े जाने के बाद ही सही जानकारी सामने आएगी। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उन्होंने जगदीप का अपहरण कर उसके मुंह पर टेप लगाई, उसके हाथ-पैर बांधे और उसे चरखी दादरी ले गए, जहां सुनसान मैदान में गड्ढा खोदा गया था। संदिग्धों ने पुलिस को बताया कि जगदीप को गड्ढे में ‘जिंदा दफना दिया गया’।