मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम-2026 के प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन क्षमता और निवेश संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
“Reimagining Tourism at Scale – How Madhya Pradesh is Driving Growth through Innovation, Culture and Connectivity” विषय पर आयोजित एक उच्च स्तरीय सत्र में मुख्यमंत्री ने निवेश और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े वैश्विक प्रतिनिधियों को अतुल्य भारत के हृदय प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश आज एक आकांक्षी राज्य के रूप में तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य केवल भौगोलिक रूप से ही भारत का हृदय नहीं है, बल्कि अपनी दूरदर्शी नीतियों, नवाचारों और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के माध्यम से पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगामी पर्यटन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और पुरातात्विक धरोहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर पर्यटन के एक नए युग की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने वैश्विक समुदाय को भरोसा दिलाया कि मध्य प्रदेश निवेश के अवसरों के साथ-साथ अतिथि देवो भव की सनातन संस्कृति और आधुनिक नवाचारों का उत्कृष्ट संगम भी प्रस्तुत करता है।
डॉ. मोहन यादव ने विश्वास जताया कि नवाचार, बेहतर कनेक्टिविटी और समावेशी विकास के जरिए मध्य प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा और विकास के नए मानक स्थापित करेगा।
इस अवसर पर सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैया राजा टी. ने एक विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से राज्य के पर्यटन परिदृश्य की झलक प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश की वन्यजीव संपदा, विशिष्ट स्थापत्य कला और गौरवशाली इतिहास इसे एक अद्वितीय पर्यटन प्रदेश बनाते हैं, जो विश्व स्तर पर पर्यटकों और निवेशकों को आकर्षित करने की क्षमता रखता है l
*वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में मध्य प्रदेश की दमदार प्रस्तुति, निवेश और पर्यटन की अपार संभावनाओं को किया रेखांकित*

TAGS:

Leave a Reply