शिक्षिका का अमानवीय बर्ताव:
संवाददाता
23 December 2025
अपडेटेड: 4:30 PM 0thGMT+0530
शिक्षिका का अमानवीय बर्ताव:
होमवर्क पूरा नहीं करने पर 5वीं के छात्र का सिर फोड़ा:
बीच बचाव करने आई बहन को भी पीटा:
रीवा जिले के एक निजी स्कूल की शिक्षिका द्वारा एक अमानवीय बर्ताव को लेकर सभी अभिभावकों में भारी गुस्सा है।
यह अमानवीय और शर्मनाक तस्वीर है ,बैकुंठपुर थाना क्षेत्र स्थित जेंटल शेफर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल की। जहां पांचवी क्लास के एक छात्र जिसकी उम्र 11 वर्ष है ,उसका होमवर्क पूरा नहीं होने पर एक महिला टीचर ने स्टील की बोतल से उसका सिर फोड़ दिया । इसके अलावा उसका गुस्सा तब भी शांत नहीं हुआ तो उसने दीवार से उसका सर पटक दिया।
परिजनों के अनुसार बच्चे ने होमवर्क पूरा नहीं किया था जिससे नाराज शिक्षिका मनीषा विश्वकर्मा ने स्टील की पानी की बोतल से उसके सिर पर वार किया और बार-बार दीवार पर उसका सिर पटका । यह मारपीट इतनी अधिक गंभीर थी कि उसके सिर से खून बहने लगा।
2 दिन के बाद सोमवार को परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार शनिवार को बच्चे ने होमवर्क अधूरा किया था । इससे टीचर मनीषा विश्वकर्मा ने उसके सिर पर पानी की बोतल मार दी।
इसी स्कूल में उसकी बहन जो छठवीं कक्षा में पढ़ती थी ,उसने बीच बचाव किया तो शिक्षिका ने उसके साथ भी मारपीट की।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इतना कुछ होने के बाद भी खून से लथपथ हालत में भी स्कूल प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की । ना तो बच्चे को अस्पताल पहुंचाया और ना ही परिजनों को इस घटना की सूचना दी।
स्कूल के बाद जब बच्चा घर पहुंचा तब परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली।
पिता ने लगाया स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप:
इस बच्चे के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं । उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी । उनका आरोप है कि घटना के बाद से स्कूल प्रबंधन लगातार मामले को दबाने और FIR न करने का दबाव बना रहा है।
इस घटना के बाद से बच्चा गहरे सदमे में है और सदमे के कारण से उसे तेज बुखार आ गया है । उसने खाना पीना भी छोड़ दिया है और स्कूल का नाम सुनते ही वह सहम जाता है। अन्य दोस्तों के सामने बुरी तरह पिटाई होने से उसके अंदर हीन भावना भी घर कर गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच:
परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई । इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है । घटना की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी दे दी गई है । बैकुंठपुर थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया गया है । और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं।
यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इसने राजनीतिक और छात्र संगठनों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है।
इन संगठनों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया है और चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।