5 मई 2026

शिमला:
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में उस वक्त दहशत फैल गई जब सोमवार सुबह कई बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। इस ई-मेल के बाद स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई।
किन स्कूलों को मिली धमकी?
धमकी भरे ई-मेल दयानंद पब्लिक स्कूल, डीएवी स्कूल (टुटू), सेंट थॉमस, केंद्रीय विद्यालय, डीएवी लक्कड़ बाजार और चैप्सली जैसे प्रतिष्ठित स्कूलों को भेजे गए थे। सूचना मिलते ही सुबह करीब 10 बजे इन सभी स्कूलों को खाली करवा दिया गया और छुट्टी घोषित कर दी गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
धमकी की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। पुलिस की टीमों ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड के साथ मिलकर सभी स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कहीं भी कोई बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
एसपी शिमला, गौरव सिंह ने बताया कि यह सूचनाएं सामान्य किस्म की थीं और किसी खास स्कूल को निशाना नहीं बनाया गया था। पुलिस अब ई-मेल भेजने वाले की तलाश कर रही है।