8 मई 2026
नई दिल्ली:

पश्चिमी एशिया में लंबे समय से चल रहे तनाव और युद्ध की स्थिति को खत्म करने के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिका और ईरान एक संभावित ‘शॉर्ट-टर्म’ यानी अस्थायी समझौते के बेहद करीब पहुंच गए हैं। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि दोनों देश फिलहाल किसी बड़े और स्थाई शांति समझौते के बजाय एक छोटे समझौते पर काम कर रहे हैं, ताकि तुरंत हो रही लड़ाई को रोका जा सके और ओमान के पास स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के समुद्री रास्ते को सुरक्षित बनाया जा सके।
समझौते की मुख्य बातें
इस प्रस्तावित समझौते के तहत कुछ कड़े नियम और राहतें शामिल की गई हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान इस बात पर सहमत हो सकता है कि वह अगले 12 सालों तक यूरेनियम संवर्धन (Uranium Enrichment) का काम रोक देगा और परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा। इसके बदले में अमेरिका, ईरान पर लगे कुछ पुराने कड़े प्रतिबंधों को हटा सकता है और विदेशी बैंकों में फ्रीज किए गए ईरान के अरबों डॉलर के फंड को भी जारी कर सकता है।
समुद्री रास्ते को खोलने की तैयारी
समझौते का एक बड़ा हिस्सा समुद्री व्यापार से जुड़ा है। अगर दोनों देश इस पर हस्ताक्षर करते हैं, तो 30 दिनों के भीतर होर्मुज स्टेट में लगी अपनी-अपनी नाकेबंदी को समाप्त कर देंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग फिर से खुल जाएगा, जिससे तेल की कीमतों और वैश्विक व्यापार में स्थिरता आने की उम्मीद है।
पाकिस्तान निभा रहा है मध्यस्थ की भूमिका
खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान इस पूरे मामले में एक बिचौलिए यानी मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ईरान फिलहाल अमेरिका द्वारा दिए गए 14 सूत्रीय शांति प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है और उम्मीद है कि वह जल्द ही पाकिस्तान के जरिए अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया भेज देगा। ईरान की संसद के सदस्यों और पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी संकेत दिए हैं कि बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है।

हालांकि यह समझौता एक बड़ी राहत लेकर आएगा, लेकिन अभी भी कई विवादित मुद्दे अनसुलझे हैं। ईरान के मिसाइल कार्यक्रम, पश्चिमी एशिया में उसकी क्षेत्रीय भूमिका और हिजबुल्ला जैसे गुटों को मिलने वाले समर्थन जैसे संवेदनशील मुद्दों को फिलहाल इस अस्थायी समझौते से बाहर रखा गया है। इन जटिल मुद्दों पर भविष्य में चर्चा होने की संभावना है।
बाजार पर असर और आगे का रास्ता
इस समझौते की सुगबुगाहट का असर अभी से दिखने लगा है। वैश्विक शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। अगर यह प्रारंभिक समझौता सफल रहता है, तो इसके बाद 30 दिनों की एक विस्तृत वार्ता शुरू होगी, जिसमें स्थाई शांति के लिए चर्चा की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में अमेरिका की ओर से डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकाफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर अहम भूमिका निभा सकते हैं।