18 अप्रैल 2026
महू;
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से सटे महू सैन्य छावनी क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। आर्मी इंटेलिजेंस और स्थानीय पुलिस ने एक जॉइंट ऑपरेशन चलाते हुए तीन ऐसे युवकों को पकड़ा है, जो कथित तौर पर सैन्य क्षेत्र में मादक पदार्थों की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे थे।
देर रात हुई घेराबंदी और गिरफ्तारी
यह पूरी कार्रवाई गुरुवार रात करीब सवा आठ बजे महू के इन्फैंट्री स्कूल के पास अंजाम दी गई। इंटेलिजेंस टीम को पहले से ही सूचना मिली थी कि कुछ युवक बाइक से सैन्य इलाके में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम अलर्ट हो गई और स्कूल के बाहर नाकेबंदी कर दी। जैसे ही बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे, घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।
तलाशी में मिला गांजा और मोबाइल
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय सुमित सुरवाड़े, 19 वर्षीय रोहित चौहान और 19 वर्षीय प्रेम कुमार गाजी के रूप में हुई है। पुलिस ने जब इनकी तलाशी ली, तो इनके पास से पांच मोबाइल फोन और भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है।
दो साल से स्टेशन मुख्यालय में कर रहे थे काम
पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी सुमित और प्रेम पिछले दो सालों से महू के स्टेशन मुख्यालय (Station HQ) में अस्थाई मजदूर (Temporary Worker) के तौर पर काम कर रहे थे। इसी वजह से उन्हें सैन्य प्रतिष्ठानों और वहां की कार्यप्रणाली की अच्छी जानकारी थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन्होंने पहले भी इस तरह की सप्लाई की है और इनके तार किन बड़े नशा तस्करों से जुड़े हैं।
नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं आरोपी
महू कोतवाली थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि आरोपियों के पास कोई बहुत बड़ी खेप तो नहीं थी, लेकिन उनका सैन्य क्षेत्र में प्रवेश करना और नशीले पदार्थ रखना एक गंभीर मामला है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों युवक खुद भी नशे के आदि हैं और पूछताछ के दौरान उन्होंने माना कि वे सैन्य कर्मियों को यह सामग्री पहुंचाने की फिराक में थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद सैन्य क्षेत्रों में बाहरी और अस्थाई कर्मियों की निगरानी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं।


Leave a Reply