ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी का पर्दाफाश, CBI की बड़ी कार्रवाई में सरगना गिरफ्तार
संवाददाता
13 March 2026
अपडेटेड: 3:02 PM 0thGMT+0530
13 मार्च 2026
नई दिल्ली। ऑनलाइन निवेश और पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित पांच राज्यों के 15 ठिकानों पर छापेमारी कर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है।
CBI के अनुसार आरोपी दुबई स्थित एक फिनटेक प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ऑनलाइन निवेश और पार्ट-टाइम नौकरी का लालच देकर ठगी करते थे। इस तरीके से हजारों भारतीयों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई। यह मामला भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से मिली जानकारी के आधार पर दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि यह संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह सोशल मीडिया, मोबाइल ऐप और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाता था। गिरोह का सरगना दिल्ली-गुरुग्राम सीमा के पास स्थित बिजवासन गांव का चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक कुमार शर्मा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
CBI के मुताबिक आरोपी छोटी रकम पर नकली मुनाफा दिखाकर लोगों का भरोसा जीतते थे। इसके बाद जब लोग बड़ी रकम निवेश करते थे तो आरोपी पैसे लेकर गायब हो जाते थे। ठगी की रकम को विदेश भेजकर क्रिप्टोकरेंसी में बदल दिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने एक साल में करीब 900 करोड़ रुपये की रकम 15 शेल कंपनियों के खातों से दो संस्थाओं के जरिए विदेश भेजी। बाद में इस रकम को भारत स्थित वर्चुअल एसेट एक्सचेंज के माध्यम से यूएसडीटी में बदलकर वॉलेट-लिंक्ड खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।