क्या दिल्ली विधानसभा में बदलेगा नजफगढ़ नाम? क्या होगा बदलाव के बाद का नाम?

khabar pradhan

संवाददाता

27 February 2025

अपडेटेड: 10:30 AM 0thGMT+0530

क्या दिल्ली विधानसभा में बदलेगा नजफगढ़ नाम? क्या होगा बदलाव के बाद का नाम?

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में आज यानी बृहस्पतिवार को नजफगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा गया। नजफगढ़ से विधायक नीलम पहलवान ने मांग की कि नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ किया जाना चाहिए। उधर विधायक मनोज शौकीन ने नजफगढ़ नाले की सफाई कराए जाने का मुद्दा उठाया। विपक्ष की तरफ से आप के केवल एक विधायक अमानतुल्लाह खान सदन में मौजूद थे।
दिल्ली विधानसभा में नजफगढ़ और मोहम्मदपुर का नाम बदले जाने की जोरदार मांग उठ गई। नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बनीं नीलम पहलवान ने सदन में मांग रखी की कि राजा नाहर का देश और समाज के लिए बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने मांग की कि नजफगढ़ का नाम राजा नाहर सिंह के नाम पर नाहरगढ़ रखा जाए। यह इलाके की जनता की इच्छा भी है।
वहीं, आर के पुरम विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने अनिल शर्मा ने भी अपने इलाके के एक गांव का नाम बदलने की मांग उठा दी है। उन्होंने मांग की है कि उनके इलाके के मोहम्मदपुर गांव का नाम बदलकर माधोपुर किया जाए।
बता दें कि दिल्ली में पहले भी सड़कों और इलाकों का नाम बदलने की मांग उठती रही है। मुस्तफाबाद का नाम बदलने की भी भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने मांग उठाई हुई है। मुस्तफाबाद सीट से चुनाव जीतने के तुरंत बाद ही उन्होंने मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलकर शिव विहार रखे जाने की भी मांग उठाई।
नजफगढ़ से विधायक नीलम पहलवान ने शून्यकाल में नजफगढ़ के नाम बदलने का मुद्दा उठाया। नीलम पहलवान ने बताया कि मेरी विधानसभा दिल्ली देहात की। साथ ही बताया कि यहां से हरियाणा की तीन सीमाएं लगती हैं।
उन्होंने कहा कि मुगल शासक बादशाह आलम द्वितीय ने जब नजफगढ़ को संभाला तो लोगों पर बहुत जुल्म हुए थे। लेकिन 1857 की क्रांति में राजा नाहर सिंह ने लड़ाई लड़ी और नजफगढ़ क्षेत्र को दिल्ली प्रांत में शामिल किया।
कई बार कोशिश की गई, पर नाम नहीं बदला गया
विधायक नीलम पहलवान का कहना है कि कई कागज कार्यवाही होने के बावजूद भी नजफगढ़ का नाम नहीं बदला गया। हमने कई बार अपील भी की, लेकिन नाम नहीं बदला गया। बताया कि उस समय सांसद प्रवेश वर्मा के माध्यम से कई बार कोशिश की गई लेकिन, नाम नहीं बदला गया। अब उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता से नजफगढ़ का नाम बदलने की मांग की है।
विधायक मनोज शौकीन ने नजफगढ़ नाले की सफाई कराई जाने का मुद्दा उठाया। वहीं, विपक्ष की तरफ से आप के केवल एक विधायक अमानतुल्लाह खान सदन में मौजूद।
वहीं, घोण्डा से विधायक अजय महावर ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि पानी की आपूर्ति और सीवर की समस्या को लेकर हम लोग लंबे समय से सदन से सड़क तक संघर्ष करते रहे हैं। कहा कि मेरे इलाके में छह सीवर लाइन हैं, लेकिन सभी जाम पड़ी हैं।
दिल्ली की जनता की पूरी तरह से आंखें भी खोल देगा
सदन में सतीश उपाध्याय कहा कि सदन में आज ऐसे मुद्दे पर चर्चा हो रही है जो दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य, दिल्ली की जनता की सुरक्षा और दिल्ली के जनता के विश्वास के साथ जुड़ा हुआ है। कहा कि इस रिपोर्ट को पढ़ने के बाद ऐसा सच सामने आया है, जो दिल्ली की जनता की पूरी तरह से आंखें भी खोल देगा।
कहा कि मैं इसके साथ ही ऐसा सत्य भी आप के सामने लेकर के आया हूं जो दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल के चेहरे को भी पूरी तरह से उजागर करने वाला होगा। इन्होंने खुद को ईमानदार और पारदर्शी पार्टी कहा था, मगर आज यह पार्टी भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी है।

टिप्पणियां (0)