भारत का यूपीआई इजराइल में भी चलेगा:
27 फरवरी 2026
यरुशलम / तेल अवीव : आतंकवाद के खिलाफ साथ मिलकर आगे बढ़ने का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान भारत और इजरायल के बीच संबंधों को नई ऊंचाई देने का बड़ा फैसला लिया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई बैठक में दोनों देशों ने अपने रिश्तों को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा देने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करने और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
रक्षा और सुरक्षा सहयोग में तेजी लाने की सहमति
बैठक में रक्षा, साइबर सुरक्षा, खुफिया सहयोग और आतंकवाद निरोधक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। नरेंद्र मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में दोनों देशों के बीच सुरक्षा साझेदारी बेहद जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रक्षा और तकनीकी सहयोग से जुड़े समझौतों को जल्द अंतिम रूप दिया जाए।
कृषि, ऊर्जा और तकनीक में सहयोग का विस्तार
दोनों देशों ने कृषि, जल प्रबंधन, ऊर्जा और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इजरायल की तकनीक और भारत की क्षमता मिलकर नए अवसर पैदा करेगी। दोनों देशों के बीच नवाचार, स्टार्टअप और शोध सहयोग को भी बढ़ावा देने पर सहमति बनी।
17 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर
बैठक के दौरान कुल 17 समझौतों और सहमतियों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें कृषि, मत्स्य पालन, वित्तीय सेवाएं, ऊर्जा और तकनीकी सहयोग शामिल हैं। इन समझौतों से व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है। दोनों देशों ने व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
भारतीय कामगारों के लिए नए अवसर
इजरायल में भारतीय कुशल कामगारों की संख्या बढ़ाने पर भी सहमति बनी है। पिछले वर्ष 10000 कुशल व प्रशिक्षित भारतीय श्रमिकों की आपूर्ति की सहमति बनी थी अब अगले 5 वर्षों में इनकी संख्या बढ़कर 50000 करने की सहमति बनी है l इससे दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे तथा भारतीय युवाओं को विदेश में काम के नए अवसर मिलेंगे।
यूरोप तक कॉरिडोर परियोजना पर चर्चा
भारत से पश्चिम एशिया होते हुए यूरोप तक आर्थिक कॉरिडोर बनाने की योजना में इजरायल की अहम भूमिका पर भी चर्चा हुई। नरेंद्र मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू ने इस परियोजना को वैश्विक व्यापार के लिए महत्वपूर्ण बताया और इसे तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोदी का बयान
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और भारत-इजरायल संबंधों में नया अध्याय जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी विकास, नवाचार और साझा समृद्धि की दिशा में बड़ा कदम है। मोदी ने यह भी कहा कि भारत शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहयोग को मजबूत करेगा।
डिजिटल भुगतान और प्रौद्योगिकी साझेदारी :
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि इसराइल में भारत के तुरंत डिजिटल भुगतान प्रणाली “यूपीआई” के उपयोग को लेकर समझौता हुआ है l इसके साथ ही उन्नत और उदीयमान प्रौद्योगिकियों में साझेदारी स्थापित करने का निर्णय लिया गया है । कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम प्रौद्योगिकी ,महत्वपूर्ण खनिज तथा डिजिटल स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है ।

इजरायल में भारतीय समुदाय से मुलाकात
अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय से मुलाकात की और भारत-इजरायल दोस्ती को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका की सराहना की। वहीं बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारत को भरोसेमंद और महत्वपूर्ण साझेदार बताया।

आइये जाने किन प्रमुख मुद्दों पर हुई एम ओ यू और सहमति:
रक्षा और राजनीतिक साझेदारी – सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग मजबूत होगा
यूपीआई -भारत की एनपीसीआई और इजरायल की मासव जुड़ेंगे !
व्यापार और सेवाएं -वाणिज्य मैन्युफैक्चरिंग और रेस्टोरेंट सेक्टर में कार्यान्वन प्रोटोकॉल तय किया जाएगा।
एआई -शिक्षा और उभरती तकनीक में आई के इस्तेमाल पर समझौता !
साइबर सुरक्षा -साइबर सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा !
कृषि और नवाचार -भारतीय इसराइल कृषि नवाचार केंद्र बनेंगे!
भू भौतिकीय अन्वेषण -ऊर्जा और संसाधन खोज के क्षेत्र में साझेदारी !
धरोहर संरक्षण- राष्ट्रीय समुद्री धरोहर परिसर लोथल के विकास में सहयोग !


Leave a Reply