हाई-सिक्योरिटी वाले इलाके में सेंध: मंत्री विश्वास सारंग के बंगले में चोरी, चोरों ने स्टोर रूम को बनाया निशाना

khabar pradhan

संवाददाता

7 April 2026

अपडेटेड: 3:32 PM 0thGMT+0530

हाई-सिक्योरिटी वाले इलाके में सेंध: मंत्री विश्वास सारंग के बंगले में चोरी, चोरों ने स्टोर रूम को बनाया निशाना

7 अप्रैल 2026
भोपाल:

राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ’74 बंगला’ इलाके में चोरों ने बड़ी दुस्साहस वाली वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास में घुसकर चोरी की है। हैरान करने वाली बात यह है कि जब यह घटना हुई, उस वक्त मंत्री जी खुद बंगले के अंदर ही मौजूद थे।

खबर के मुताबिक, यह चोरी 2 और 3 अप्रैल की दरम्यानी रात को हुई। चोरों ने मंत्री जी के आवासीय परिसर में बने स्टोर रूम का ताला तोड़ा और वहां रखी कीमती ट्राफियां, शील्ड और मोमेंटो (प्रशस्ति पत्र) लेकर फरार हो गए। सुबह जब सुरक्षा गार्ड ने स्टोर रूम का ताला टूटा हुआ देखा, तब जाकर इस चोरी का पता चला।
जांच में जुटी पुलिस
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहरे ने बताया कि स्टोर रूम में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। हालांकि, पुलिस अब आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। मंत्री के निजी सहायक वरुण सक्सेना ने इस मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज करा दी है।

5 साल में 4 मंत्रियों के यहाँ लग चुकी है सेंध
यह पहली बार नहीं है जब भोपाल के इस हाई-प्रोफाइल इलाके में चोरों ने हाथ साफ किया हो। पिछले 5 सालों में कई बड़े नेताओं के घर चोरी हो चुकी है:
* अगस्त 2024: पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के बंगले में चोरी हुई थी।
* सितंबर 2025: पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता राजकुमार पटेल के सूने घर से जेवर, नकदी और दो लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी हो गई थीं।
* दिसंबर 2020: तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव के घर भी चोरी हुई थी।
* जीतू पटवारी: पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के बंगले से चोरों ने चंदन के पेड़ ही काट लिए थे।
बड़ा सवाल यह है कि जिस इलाके में प्रदेश के बड़े-बड़े मंत्री और अधिकारी रहते हैं, वहां इस तरह की चोरियां सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती हैं। आखिर बिना किसी डर के चोर ऐसे सुरक्षित इलाकों में कैसे घुस रहे हैं?

टिप्पणियां (0)