17 अप्रैल 2026
भोपाल:
भोपाल में शादियों का सीजन शुरू होते ही अक्सर लोगों को खाने-पीने के इंतजाम के लिए गैस सिलेंडर की चिंता सताने लगती है। इसी परेशानी को देखते हुए गैस कंपनियों ने एक राहत भरा फैसला लिया है। अब भोपाल जिले में शादियों के लिए दो कमर्शियल (व्यावसायिक) सिलेंडर आसानी से उपलब्ध कराए जाएंगे।
कैसे उठा सकते हैं इस सुविधा का लाभ
अगर आपके घर में शादी है और आपको गैस सिलेंडर की जरूरत है, तो आपको बस अपनी गैस एजेंसी पर जाकर शादी का निमंत्रण पत्र (Wedding Card) दिखाना होगा। कार्ड के साथ एक आवेदन पत्र जमा करने पर एजेंसी आपको तुरंत दो कमर्शियल सिलेंडर मुहैया करा देगी। इससे उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो अब तक डीजल भट्टी या दूसरे महंगे विकल्पों पर निर्भर थे।
खर्च और जरूरी शर्तें
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी नियम और खर्च निर्धारित किए गए हैं जो इस प्रकार हैं:
आपको सुरक्षा निधि (Security Deposit) के तौर पर 4400 रुपये जमा करने होंगे। यह पैसा आपको बाद में वापस मिल जाएगा।
गैस भरवाने के लिए आपको 3700 रुपये का शुल्क अलग से देना होगा।
सिलेंडर की वापसी: शादी का कार्यक्रम खत्म होने के बाद आपको वे सिलेंडर वापस एजेंसी में जमा करने होंगे। जैसे ही आप खाली सिलेंडर लौटाएंगे, कंपनी आपकी जमा की गई 4400 रुपये की अमानत राशि वापस कर देगी।
अक्सर देखा गया है कि शादी के बड़े आयोजनों में लोग भोजन बनाने का जिम्मा कैटरिंग वालों को सौंप देते हैं। समय पर कमर्शियल सिलेंडर न मिलने की वजह से लोग मजबूरी में डीजल भट्टी या इलेक्ट्रॉनिक तंदूर का इस्तेमाल करते थे, जो काफी खर्चीला और असुविधाजनक होता था। जिला आपूर्ति नियंत्रक के अनुसार, अब शादी का कार्ड, जरूरी दस्तावेज और तय शुल्क जमा करके कोई भी उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ ले सकता है।
इस नई व्यवस्था से अब भोपाल के निवासियों को अपनी खुशियों के बीच गैस की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।


Leave a Reply