खामेनेई की मौत के बाद बवाल: पाकिस्तान में 12 की मौत, भारत में विरोध, उड़ानें ठप

khabar pradhan

संवाददाता

2 March 2026

अपडेटेड: 12:08 AM 0rdGMT+0530

खामेनेई की मौत के बाद बवाल: पाकिस्तान में 12 की मौत, भारत में विरोध, उड़ानें ठप

2 मार्च 2026

पाकिस्तान में प्रदर्शन

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आते ही कई देशों में विरोध और शोक का माहौल देखने को मिला। पाकिस्तान में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन शुरू हो गए। कराची में इमामिया स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन के कार्यकर्ताओं ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास परिसर में जबरन घुसने की कोशिश की और आग लगाने का प्रयास किया। इस दौरान दूतावास के अंदर से फायरिंग की गई, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए। सिंध के गृहमंत्री जिया उल हसन लंगर ने घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी और साफ कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

भारत में भी कई हिस्सों में शोक और विरोध प्रदर्शन

भारत में भी कई हिस्सों में शोक और विरोध प्रदर्शन हुए। जम्मू-कश्मीर से लेकर कर्नाटक तक शिया समुदाय ने मातम मनाया और जुलूस निकाले। कश्मीर के लाल चौक, सादर कदर, बडगाम, बांदीपुरा, अनंतनाग और पुलवामा में बड़े प्रदर्शन हुए। बताया जाता है कि जम्मू-कश्मीर में करीब 15 लाख शिया आबादी है। राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने खामेनेई की मौत पर दुख जताया। पंजाब के लुधियाना और राजस्थान के अजमेर में भी प्रदर्शन हुए। अजमेर में तीन दिन के मातम का ऐलान किया गया और दरगाह क्षेत्र में शोक सभाएं आयोजित की गईं। दिल्ली, बिहार, झारखंड, तेलंगाना और कर्नाटक के कई शहरों में भी विरोध दर्ज किया गया।

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी बरेली ने कहा कि अमेरिका और इजरायल लंबे समय से ईरान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे थे। उनके मुताबिक, हालात अब बेहद गंभीर हो गए हैं और यह संघर्ष और भयानक रूप ले सकता है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर

इस तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है। हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण करीब 10 देशों की 1000 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं। वैश्विक स्तर पर निर्धारित उड़ानों में से लगभग 7 प्रतिशत पूरी तरह रद्द कर दी गईं। कई एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से अपने रूट बदल दिए हैं।

वहीं संयुक्त अरब अमीरात में अबू धाबी के संस्कृति और पर्यटन विभाग ने 28 फरवरी को सभी होटलों को निर्देश जारी किए हैं कि यात्रा प्रतिबंधों के कारण जो यात्री होटल नहीं छोड़ पा रहे हैं, उनका खर्च सरकार वहन करेगी। इस फैसले को यात्रियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

देश :फ्लाइट कैंसलेशन स्थिति :फंसे यात्री: कहां-क्या विशेष राहत उपाय

दुबई: 300+ उड़ानें रद्द :50,000 :होटल वाउचर और भोजन पैकेज
भारत: 410+ उड़ानें प्रभावित :20,000 ;24×7 डीजीसीए कंट्रोल रूम
कतर :10.1% उड़ानें प्रभावित :25,000 :ट्रांजिट होल्ड में अस्थायी आवास
सऊदी :150+ उड़ानें रद्द :30,000 :यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था
तुर्की :गल्फ उड़ानें 2 दिन बंद :12,000 :पूर्ण रिफंड (तुर्किश एयरलाइंस)
पाकिस्तान :पीआईए की गल्फ उड़ानें रद्द :18,000 विदेशी दूतावास से सहायता
इजरायल: 37.3% उड़ानें रद्द :15,000 :बेन गुरियन एयरपोर्ट पर सुरक्षा अलर्ट
जॉर्डन :13.3% उड़ानें रद्द :5,000 :एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद
यूरोप: गल्फ रूट पूरी तरह बंद :10,000 :मार्ग परिवर्तन (री-रूटिंग)
कुवैत: 80+ उड़ानें रद्द :15,000 :एयरपोर्ट पर आपातकालीन भोजन

टिप्पणियां (0)