जनगणना 2027: तैयार हो जाइए! पहले चरण में आपसे पूछे जाएंगे ये 33 सवाल, यहाँ देखें पूरी लिस्ट

khabar pradhan

संवाददाता

31 March 2026

अपडेटेड: 2:41 PM 0stGMT+0530

31 मार्च 2026
नई दिल्ली: देश में डिजिटल जनगणना का बिगुल बज चुका है। पहले चरण की शुरुआत के साथ ही जनगणना कर्मचारी आपके घर दस्तक देंगे। इस बार की जनगणना में तकनीक का भरपूर इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन जानकारी वही पुरानी और सटीक मांगी जाएगी। सरकार ने पहले चरण के लिए 33 सवालों की एक सूची तैयार की है, जो आपके मकान, परिवार और सुविधाओं से जुड़ी होगी।


मकान कैसा है और किससे बना है? (सवाल 1 से 9)
सबसे पहले आपके रहने के स्थान की बनावट की जाँच होगी:
मकान नंबर और सामग्री: मकान का नंबर क्या है? दीवार, छत और फर्श बनाने में किन चीजों (मिट्टी, लकड़ी, सीमेंट, पत्थर, ईंट या कंक्रीट) का इस्तेमाल हुआ है?
उपयोग और हालत: क्या मकान रहने के लिए है, दुकान है या कुछ और? इसकी हालत कैसी है—अच्छी, रहने योग्य या जर्जर?
सदस्य: परिवार में कुल कितने लोग सामान्य रूप से रहते हैं?

परिवार और मुखिया की जानकारी (सवाल 10 से 15)
यह हिस्सा परिवार की पहचान से जुड़ा है:
मुखिया का विवरण: परिवार के मुखिया का नाम, लिंग (पुरुष/महिला/थर्ड जेंडर) क्या है?
वर्ग और जाति: क्या मुखिया एससी (SC) या एसटी (ST) समुदाय से हैं? (जाति संबंधी अन्य जानकारियां भी शामिल होंगी)।
मालिकाना हक: आप जिस मकान में रह रहे हैं, वह आपका अपना है या किराये का?

सुविधाएं और संसाधन (सवाल 16 से 27)
सरकार यह जानना चाहती है कि आम आदमी का जीवन स्तर कैसा है:
कमरे और जोड़े: रहने के लिए कितने कमरे हैं और परिवार में कितने विवाहित जोड़े रहते हैं?
पानी और बिजली: पीने के पानी का मुख्य स्रोत (नल, हैंडपंप) क्या है और यह घर के भीतर है या बाहर? रोशनी के लिए बिजली, केरोसिन या सौर ऊर्जा में से किसका उपयोग होता है?
सफाई: शौचालय की उपलब्धता, उसका प्रकार, ड्रेनेज (गंदे पानी की निकासी) और नहाने की सुविधा कैसी है?
रसोई: खाना पकाने के लिए अलग रसोई है? एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन है या लकड़ी/कोयले का इस्तेमाल होता है?
मनोरंजन: क्या घर में रेडियो, ट्रांजिस्टर या टेलीविजन उपलब्ध है?

डिजिटल पहुंच और वाहन (सवाल 28 से 33)
यह आधुनिक भारत की तस्वीर साफ करेगा:
इंटरनेट और गैजेट्स: क्या आपके पास इंटरनेट (ब्रॉडबैंड/मोबाइल डेटा) है? लैपटॉप, कंप्यूटर, टेलीफोन या स्मार्टफोन की उपलब्धता क्या है?
सवारी: आपके पास साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड या फिर कार/जीप/वैन में से क्या-क्या है?

टिप्पणियां (0)