तंबू में बैठेगी सरकार: नागलवाड़ी से मोहन कैबिनेट के बड़े फैसलों की तैयारी
संवाददाता
2 March 2026
अपडेटेड: 6:27 PM 0ndGMT+0530
2 मार्च 2026
भोपाल। भिलटदेव के आंगन में वर्ष की पहली कृषि कैबिनेट बैठक
मध्य प्रदेश की मोहन सरकार पहली बार आदिवासी अंचल में जाकर कैबिनेट बैठक करने जा रही है। सोमवार को बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में स्थित आदिवासियों के आराध्य भिलटदेव के आंगन में किसान कल्याण वर्ष की पहली कृषि कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव और मंत्री तंबू में बैठकर किसानों के हित से जुड़े अहम फैसले लेंगे।
आदिवासी क्षेत्र में पहली बार सरकार की सीधी मौजूदगी, किसानों को बड़े फैसलों की उम्मीद।
नागलवाड़ी में भिलटदेव का प्राचीन मंदिर है, हालांकि यहां कोई स्थायी भवन नहीं है और हर वर्ष अस्थायी डेरा लगाया जाता है। ऐसे में यह पहली बार होगा जब सरकार किसी डेस्टिनेशन पर तंबू में कैबिनेट बैठक करेगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री किसानों से संवाद भी करेंगे।
परंपरा और प्रशासन का संगम, सरकार पहुंचेगी सीधे जनता के बीच।
बैठक में सिंचाई से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें नर्मदा से जुड़े अलीराजपुर, बड़वानी, झाबुआ, धार और मंडला जैसे आदिवासी बहुल जिलों के लिए योजनाएं शामिल हो सकती हैं। किसानों को लंबे समय से जिन प्रस्तावों का इंतजार है, उन्हें मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सिंचाई योजनाओं से आदिवासी अंचल के विकास को नई गति मिलने के संकेत।
सूत्रों के अनुसार, सरकार ऐसे डेस्टिनेशन कैबिनेट की परंपरा आगे भी जारी रखेगी। इससे राज्य में पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ प्रशासनिक पहुंच भी बढ़ेगी। इससे पहले उज्जैन के महेश्वर, इंदौर के राजवाड़ा और खजुराहो में भी कैबिनेट बैठक हो चुकी है।
डेस्टिनेशन कैबिनेट से विकास के साथ पर्यटन और संस्कृति को भी मिलेगा बल।
मोहन सरकार आदिवासी समाज को जोड़ने की दिशा में सक्रिय नजर आ रही है। इन दिनों आदिवासियों का सबसे बड़ा पर्व भगोरिया चल रहा है, जो सोमवार को समाप्त होगा। इसी अवसर पर सरकार बड़वानी जिले में कार्यक्रमों के जरिए आदिवासी समाज के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री और मंत्री स्थानीय आयोजनों में शामिल होंगे और आदिवासी परंपराओं व संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। माना जा रहा है कि इससे सरकार का सीधा संवाद आदिवासी समुदाय से बढ़ेगा और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संदेश जाएगा।