धार जिले में अंधविश्वास और सामाजिक क्रूरता का गंभीर मामला: महिला को डायन बता कर गांव से निकाला:
संवाददाता
5 February 2026
अपडेटेड: 4:10 PM 0thGMT+0530
धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के करचट गांव में अंधविश्वास और सामाजिक क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है । 56 वर्षीय महिला के दो बेटों में विवाद हुआ। मारपीट के बाद एक बेटा घायल हो गया और 20 दिसंबर को उसकी मौत हो गई ।
इस बीच दूसरा बेटा जेल चला गया।
इस पूरे विवाद पर महिला को दोषी माना गया और उसे डायन बता कर गांव से निकाल दिया। महिला 25 दिन से अपने तीसरे बेटे और बहू के साथ रिश्तेदारों के यहां शरण लेने को मजबूर है । महिला ने बताया गांव से 15 से 20 लोगों ने उसके घर और बेटे की किराना दुकान से सामान ,राशन और पशुधन तक लूट लिया और गांव पर लौटने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
महिला ने पुलिस में शिकायत की तो गांव के दबंग लोग उसे ढूंढ रहे हैं । पुलिस में शिकायत का पता चलते ही उसे और उसके परिजनों को रिश्तेदारों के घर ढूंढ रहे हैं । महिला का कहना है कि मेरे खेतों में फसल खड़ी है। लेकिन जान के खतरे के कारण गांव में लौटने की हिम्मत नहीं है । टीआई संजय रावत का कहना है कि महिला ने थाने में शिकायत की है। उसे सुरक्षा के साथ गांव पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि गांव में डायन बता कर निकालना और तोड़फोड़ जैसी बात सामने अभी नहीं आई है।