16 अप्रैल 2026
भोपाल:
राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में महिलाओं के सशक्तिकरण का जोरदार उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करते हुए एक नई ऊर्जा भरी। इस मौके पर उन्होंने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया।
शासन के सूत्र और बहनों की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि जब शासन की बागडोर महिलाओं के हाथों में आती है, तो काम न केवल तेजी से होते हैं, बल्कि अधिक बेहतर और व्यवस्थित तरीके से पूरे होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत महिला सशक्तिकरण के मामले में दुनिया के सामने एक मिसाल पेश कर रहा है। तीन तलाक से मुक्ति और महिला आरक्षण जैसे बड़े फैसलों ने महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाने का काम किया है।

16 अप्रैल को मनेगी दिवाली और होली एक साथ
मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 16 अप्रैल प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की एक मंगलमय तारीख होगी। इस दिन पूरे मध्य प्रदेश में होली और दिवाली जैसे उत्सव एक साथ मनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिस तरह नगरीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल रहा है, उसी तरह ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लागू होने से अब विधानसभा और लोकसभा में भी उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
भारत की बदलेगी वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि आने वाला समय महिलाओं का है। उन्होंने कहा कि एक ऐसा दिन आएगा जब पूरी दुनिया भारत को उसके नारी सशक्तिकरण के प्रयासों के कारण एक अलग नजरिए से पहचानेगी। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री के साथ महिला मंत्री और नारी शक्ति की प्रतिनिधि मौजूद रहीं, वहीं पूरा सभागार भी महिलाओं की उपस्थिति से खचाखच भरा रहा।
सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी ‘विचार यात्रा’
कार्यक्रम में मौजूद राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने इस सम्मेलन को एक ‘विचार यात्रा’ बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया और राजनीति के केंद्र में लाने की एक ठोस पहल है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे , शिक्षाविद शोभा पेठनकर और अन्य महिला नेताओं ने भी इस दौरान अपने विचार साझा किए।
इस कार्यक्रम के जरिए सरकार ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि आने वाले समय में प्रदेश और देश की राजनीति का नक्शा नारी शक्ति के इर्द-गिर्द ही सिमटा रहेगा।


Leave a Reply