7 मई 2026

नई दिल्ली:
भारत और पाकिस्तान के बीच मैदान पर होने वाले मुकाबलों का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर है। भारत सरकार के खेल मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर लगी रोक फिलहाल जारी रहेगी। यानी दोनों देशों के बीच अलग से कोई भी सीरीज या टूर्नामेंट नहीं खेला जाएगा।
क्या है मंत्रालय का नया आदेश?
खेल मंत्रालय ने बुधवार को एक सर्कुलर जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय के मुताबिक, द्विपक्षीय सीरीज के लिए न तो भारतीय टीमें पाकिस्तान का दौरा करेंगी और न ही पाकिस्तान की किसी टीम को भारत में खेलने की अनुमति दी जाएगी। यह फैसला सुरक्षा और मौजूदा हालातों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स में पाबंदी नहीं
हालांकि, मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि अंतरराष्ट्रीय और बहुपक्षीय प्रतियोगिताओं (जैसे वर्ल्ड कप, एशिया कप या चैंपियंस ट्रॉफी) पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। अगर किसी तीसरे देश में या किसी बड़े टूर्नामेंट में दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं, तो वहां खिलाड़ियों की भागीदारी पर कोई रोक नहीं होगी। इन आयोजनों के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के नियमों का पालन किया जाएगा।
वीजा प्रक्रिया को बनाया जाएगा आसान
भारत को दुनिया का एक पसंदीदा खेल स्थल (Sports Hub) बनाने के लिए सरकार ने कुछ राहत भी दी है। खेल मंत्रालय ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, तकनीकी स्टाफ और खेल संगठनों के पदाधिकारियों के लिए वीजा प्रक्रिया को पहले से सरल बनाया जाएगा। इससे विदेशी खिलाड़ियों और स्टाफ को भारत आने में कम दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
राष्ट्रीय खेल महासंघों को दी गई जानकारी
खेल मंत्रालय ने इस संबंध में सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों (NSFs), भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) को निर्देश जारी कर दिए हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स के मामले में निर्णय लेते समय भारतीय खिलाड़ियों के हितों और अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं के नियमों को प्राथमिकता दी जाएगी।