7 मई 2026

नई दिल्ली:
भारत और वियतनाम के रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में दोनों देशों ने अपने संबंधों को और मजबूत करने का फैसला किया है। इस दौरान 13 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, जो रक्षा, व्यापार और तकनीक जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।
25 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने एलान किया है कि भारत और वियतनाम ने साल 2030 तक आपसी व्यापार को 25 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। पिछले एक दशक में दोनों देशों के बीच व्यापार दोगुना होकर 16 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। अब इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी है।
इन समझौतों में डिजिटल पेमेंट, खनिज, फार्मास्यूटिकल, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्र शामिल हैं। खास बात यह है कि अब भारत का यूपीआई और वियतनाम का फास्ट पेमेंट सिस्टम भी आपस में जुड़ जाएंगे, जिससे दोनों देशों के बीच लेनदेन और आसान हो जाएगा।
सुरक्षा और तकनीक पर जोर
बैठक में दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और वियतनाम एक-दूसरे की तरक्की में मददगार साबित हो रहे हैं। कृषि, मछली पालन और दवाओं के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है, जिससे भारतीय किसानों और कंपनियों को वियतनाम के बाजार में ज्यादा मौके मिलेंगे।