भोपाल में एमपी सेट परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी, गलत पेपर से हंगामा
संवाददाता
2 March 2026
अपडेटेड: 8:27 PM 0ndGMT+0530
2 मार्च 2026
भोपाल। प्रश्न पत्र में गड़बड़ी पर परीक्षा केंद्र में हंगामा
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी-पीएससी) की राज्य पात्रता परीक्षा (एमपी सेट) में राजधानी के एक परीक्षा केंद्र पर बड़ी गड़बड़ी सामने आई। रविवार को परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को गलत प्रश्न पत्र बांट दिए गए, जिससे केंद्र पर हंगामा हो गया। कई परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने सेट-ए का पेपर हल कर लिया और सेट-बी खोला, तो प्रश्न पत्र उनके विषय से अलग निकला। इससे भ्रम और नाराजगी का माहौल बन गया।
परीक्षा केंद्र प्रशासन ने गलती सुधारी
अभ्यर्थियों के विरोध के बाद परीक्षा केंद्र प्रशासन को व्यवस्था सुधारनी पड़ी। जांच में सामने आया कि अलग-अलग विषयों के पेपर होने के कारण यह गड़बड़ी हुई। एमपी-पीएससी के ओएसडी डॉ. रवींद्र पंचभाई ने बताया कि एक से अधिक विषयों के प्रश्न पत्र होने से भ्रम की स्थिति बनी, जिसके कारण यह त्रुटि हुई। बाद में संबंधित अभ्यर्थियों को सही प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए गए।
इस दौरान कई परीक्षार्थी ओएमआर शीट में घेरा भी लगा चुके थे, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई। स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परीक्षार्थियों को शांत कराया और निष्पक्ष परीक्षा का भरोसा दिलाया।
प्रभावित छात्रों को अतिरिक्त समय दिया गया
गड़बड़ी से प्रभावित छात्रों को राहत देने के लिए केंद्र पर करीब आधा घंटा अतिरिक्त समय दिया गया, ताकि वे सही प्रश्न पत्र के आधार पर परीक्षा पूरी कर सकें। हालांकि कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं और आयोग से इस मामले में स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की है।
आयोग ने मामले की जांच और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाएं प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर असर डालती हैं, इसलिए समय रहते सुधार जरूरी है।