15 अप्रैल 2026
भोपाल:
राजधानी भोपाल में जनगणना 2027 के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इस बड़े काम को पूरा करने के लिए शहर और ग्रामीण इलाकों में करीब 6 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह पूरी प्रक्रिया दो अलग-अलग चरणों में संपन्न होगी, जिसकी शुरुआत अगले महीने यानी 1 मई से होने जा रही है।
दो चरणों में होगा पूरा काम
जनगणना का पहला चरण 1 मई से शुरू होकर 30 मई तक चलेगा। इस दौरान मुख्य रूप से मकानों की सूची बनाने और घरों से संबंधित जरूरी जानकारी जुटाने का काम किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। पूरे जिले को व्यवस्थित तरीके से कवर करने के लिए 25 अलग-अलग जोन में बांटा गया है।
इस बार होगी ‘डिजिटल जनगणना’
साल 2027 की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता इसका डिजिटल होना है।
अब कागज-पेन के बजाय मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के जरिए डेटा इकट्ठा किया जाएगा।
आम नागरिकों के पास ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ यानी खुद अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने का विकल्प भी होगा।
ऑनलाइन डेटा संग्रह होने से काम में पारदर्शिता आएगी और गणना के नतीजे भी जल्दी मिल सकेंगे।
33 बिंदुओं पर पूछी जाएगी जानकारी
जनगणना कर्मचारी जब आपके घर आएंगे, तो वे कुल 33 अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी मांगेंगे। इसमें मकान की स्थिति, छत और दीवार की गुणवत्ता, परिवार के सदस्यों की संख्या और मुखिया का नाम जैसी बुनियादी बातें शामिल होंगी। इसके अलावा मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल का स्रोत, शौचालय, बिजली, इंटरनेट, गाड़ी और मोबाइल फोन से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे।
प्रगणकों के लिए खास नियम: महिलाओं से नहीं पूछेंगे पति या पिता का नाम
प्रशासन ने इस बार प्रगणकों (डेटा जुटाने वाले कर्मचारी) के लिए कुछ संवेदनशीन नियम भी बनाए हैं। गृह विभाग के निर्देशों के अनुसार, कोई भी कर्मचारी किसी महिला से उसके पति या पिता का नाम बताने के लिए दबाव नहीं डालेगा। यह कदम निजता और सम्मान को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
किन कर्मचारियों की लगी है ड्यूटी?
इस महाभियान को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार ने राजस्व, पुलिस, नगर निगम, पंचायत और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को तैनात किया है। हर प्रगणक को लगभग 200 मकानों के सर्वे की जिम्मेदारी दी गई है। इन सभी कर्मचारियों को 15 अप्रैल से 25 अप्रैल तक विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि डेटा संग्रह में कोई गलती न हो।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना देश के विकास की योजनाएं बनाने के लिए जरूरी है, इसलिए जब कर्मचारी आपके घर आएं तो उन्हें सही और सटीक जानकारी देकर सहयोग करें।


Leave a Reply