Share

12 June 2026

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का संकट लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पार्टी के भीतर शुरू हुई यह बगावत अब विधानसभा से निकलकर संसद तक पहुंच चुकी है। खबर आ रही है कि गुरुवार को टीएमसी के दो और बड़े सांसदों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी को तगड़ा झटका लगा है।
इस नए घटनाक्रम में राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक और अभिनेत्री व सांसद कोयल मल्लिका ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इन दोनों के इस्तीफे के साथ ही पिछले महज चार दिनों के भीतर राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले टीएमसी सांसदों की संख्या बढ़कर अब चार हो गई है। आपको बता दें कि इनसे पहले सुखेंदु शेखर राय और सुष्मिता देव भी उच्च सदन (राज्यसभा) की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं। इन लगातार हो रहे इस्तीफों के कारण राज्यसभा में टीएमसी के सांसदों की संख्या 13 से घटकर अब सिर्फ नौ रह गई है।

प्रकाश चिक बड़ाईक ने छोड़ी पार्टी, बोले जनता के जनादेश का सम्मान
इस्तीफा देने के बाद प्रकाश चिक बड़ाईक ने कहा कि हालिया चुनाव में जनता ने जो जनादेश दिया है, वे उसका पूरा सम्मान करते हैं और इसी वजह से उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने टीएमसी छोड़ने की घोषणा करते हुए साफ किया कि भविष्य में वे मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ही काम करेंगे। प्रकाश चिक बड़ाईक को कभी अभिषेक बनर्जी का बेहद करीबी माना जाता था। पार्टी ने उन्हें साल 2023 में राज्यसभा भेजा था और इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में अलीपुरद्वार से अपना उम्मीदवार भी बनाया था। अब उन्होंने पार्टी के सभी पदों को छोड़ दिया है।

कोयल मल्लिका के इस्तीफे से बढ़ीं मुश्किलें
दूसरी तरफ, मशहूर अभिनेत्री और सांसद कोयल मल्लिका के इस्तीफे ने तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलों को और ज्यादा बढ़ा दिया है। पार्टी ने इसी साल फरवरी के महीने में उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था और अभी अप्रैल में ही उन्होंने सांसद पद की शपथ ली थी। इतनी जल्दी उनके इस्तीफा देने से राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सायोनी घोष को लेकर सस्पेंस बरकरार, दिल्ली में बड़ी बैठक की खबर
इन इस्तीफों के बीच, सांसद और युवा तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष सायोनी घोष को लेकर सस्पेंस और ज्यादा गहरा गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में सायोनी घोष के साथ-साथ माला राय, यूसुफ पठान, प्रतिमा मंडल और मिताली बाग भी मौजूद थीं।
हैरानी की बात यह रही कि बाद में इस बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी पहुंचे। इस गुप्त बैठक की खबर बाहर आने के बाद से टीएमसी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का एक बड़ा वर्ग खुलकर यह जानना चाहता है कि सायोनी घोष आखिर किस पक्ष में हैं और उनका अगला कदम क्या होने वाला है।


Share