23 अप्रैल 2026

नई दिल्ली:
चुनाव आयोग ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई एक विवादित टिप्पणी को लेकर आयोग ने खड़गे को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शिकायत के बाद की गई है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को चेन्नई में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कुछ ऐसी बातें कही थीं, जिस पर विवाद खड़ा हो गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकी कहा है। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में बुधवार को चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया और इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया।

खड़गे की सफाई
नोटिस जारी होने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी बात पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया है। खड़गे का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आतंकवादी नहीं कहा, बल्कि उनके कहने का मतलब यह था कि मोदी हमेशा लोगों को डराने और राजनीतिक पार्टियों को धमकी देने की राजनीति करते हैं।

चुनाव आयोग का रुख
चुनाव आयोग ने खड़गे से पूछा है कि उनके इस बयान को आचार संहिता का उल्लंघन क्यों न माना जाए। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष तरीके से उनकी शिकायत सुनी और नियमानुसार कार्रवाई की है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष आयोग को क्या औपचारिक जवाब देते हैं।