22 अप्रैल 2026

वॉशिंग्टन:

ट्रंप का दावा ईरान युद्ध हम जीत चुके हैं

एक तरफ पाकिस्तान में अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता की तैयारी हो रही है, दूसरी तरफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने अनोखे अंदाज में फिर से ईरान पर निशाना साधा है।

एक चैनल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि हम ईरान युद्ध जीत चुके हैं।  हमे पूरा भरोसा है कि हम ईरान के साथ एक बड़ा समझोता करने में सफल रहेंगे। ईरान के पास इसके अलावा अब कोई रास्ता नहीं है। 22 अप्रैल को खत्म हो रहे सीजफायर को आगे बढ़ाने पर भी उन्होंने दोटूक जबाव दिया।

ट्रंप से जब  पाकिस्तान के इस्लामाबाद में दूसरे राउंड की बातचीत से उम्मीदों को लेकर सवाल किया गया तो उनका कहना था कि मुझे लगता है कि ईरान के पास और कोई विकल्प नहीं है। हम एक बड़ी डील करने में कामयाब रहेंगे।

आगे उन्होंने कहा कि हम बातचीत के दौरान अपनी शर्तें मनवाने के लिए बहुत मजबूत  स्थिति में हैं। पिछले 47 साल में  कोई भी अमेरिकी राष्ट्रपति उतना नहीं कर पाया, जितना मैंने किया है। ट्रंप ने कहा कि हमने उनकी नौसेना को मिट्टी में मिला दिया है, एयरफोर्स को बर्बाद कर दिया है। उनके मुख्य नेताओं को खत्म कर दिया है। सब नेताओं के खत्म होने से कुछ चीजें मुश्किल हुई हैं, लेकिन ये नए नेता ज्यादा समझदार हैं। उन्होंने कहा कि हमने ईरान में सत्ता परिवर्तन कर दिया है। आप चाहें इसे कुछ भी कहें, लेकिन  मैंने जो सत्ता बदलने की बात कही थी, वो मैंने कर दिखाया है, भले ही अप्रत्यक्ष रूप से।