शिव बारात में डीजे पर फेंका पत्थर, युवक घायल, केस दर्ज

khabar pradhan

संवाददाता

17 February 2026

अपडेटेड: 1:38 PM 0thGMT+0530

महाशिवरात्रि के अवसर पर निकाली गई शिव बारात के दौरान भोपाल के हबीबगंज क्षेत्र में डीजे पर पत्थर फेंकने की घटना सामने आई है। पत्थर लगने से बारात में शामिल एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 12 नंबर मल्टी से शिव बारात निकली थी, जो 10 नंबर मार्केट होते हुए फूलबाड़ी इलाके की ओर बढ़ रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे बारात में शामिल युवक डीजे की धुन पर नाच रहे थे।

इसी दौरान अचानक एक पत्थर आकर एक युवक के सिर के पीछे लगा। घायल युवक की पहचान सोनू गिरी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि यह कोई सामूहिक पत्थरबाजी की घटना नहीं थी। जांच में सामने आया है कि युवक को निशाना बनाकर एक पत्थर फेंका गया।

पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे आपसी रंजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

टिप्पणियां (0)