6 मई 2026:
मध्य प्रदेश /भोपाल /
खबर प्रधान डेस्क

भीषण गर्मी में माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय परीक्षा शुरू:
कई जगह परीक्षा केंद्र 60 किलोमीटर दूर:

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की द्वितीय परीक्षा कल 7 मई से शुरू हो रही है । बोर्ड के नियम के अनुसार परीक्षा केंद्र की अधिकतम दूरी 5 किलोमीटर से अधिक नहीं होना चाहिए।  इस परीक्षा में प्रदेश भर से करीब 5000 बच्चे ऐसे हैं, जिन्हें 50 से 70 किलोमीटर दूर सेंटर दिए गए हैं । यानी भीषण गर्मी में उन्हें दो से तीन घंटे का सफर सिर्फ परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए तय करना पड़ेगा।
इस संबंध में भोपाल के  DEO एन के अहिरवार ने भी बैरसिया के निजी स्कूलों के परीक्षा केंद्र बदलने के लिए मंडल सचिव को पत्र लिखा था । किंतु कुछ केंद्र बदले गए और कुछ बदल नहीं सके। दरअसल इस परीक्षा में छात्रों की संख्या कम होने के कारण परीक्षा केंद्र सिर्फ 600 बनाए गए हैं ,जबकि मुख्य परीक्षा में 3500 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश वैद्य के अनुसार दूसरी परीक्षा में पहली परीक्षा की तुलना में अपेक्षाकृत कम छात्र होते हैं।  जिसके कारण परीक्षा केंद्र बनाने में थोड़ा परेशानियों के सामना करना पड़ता है । जिला शिक्षा अधिकारियों ने जितने स्कूलों का प्रस्ताव भेजा था ,उनके केंद्र बदले भी गए हैं । जिन स्कूलों के परीक्षा केंद्र दूर है ,उनके लिए छात्रों का ध्यान रखा जाएगा।
बैरसिया के लिटिल फ्लावर स्कूल का परीक्षा केंद्र भोपाल के टीटी नगर स्थित डीएवी स्कूल बनाया गया है ,जो बेरसिया से करीब 50 किलोमीटर दूर पड़ता है।
भिंड जिले में सेंट्रल एकेडमी उमरी का केंद्र 65 किलोमीटर दूर राउमावि गोहद है जबकि नोबल हायर सेकेंडरी स्कूल गोहद का केंद्र 75 किलोमीटर दूर अटेर में दिया गया है।
इसी प्रकार मालनपुर शासकीय स्कूल का केंद्र 60 किलोमीटर दूर भिंड गायत्री d.ed कॉलेज बनाया गया है। ज्ञानोदय स्कूल मऊगंज के छोटी बाराती गांव में स्थित है जिसका केंद्र मऊगंज में बनाया गया है।
प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन का कहना है कि द्वितीय परीक्षा की फीस मुख्य परीक्षा से ज्यादा होती है फिर भी सुविधायें पहली परीक्षा से कम मिलती है।

माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय परीक्षा:
हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल के ऐसे छात्र जो इस परीक्षा को दोबारा देना चाहते हैं या वे दो से तीन विषयों में फेल हो चुके हैं या सप्लीमेंट्री आई है ,उनके लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा यह परीक्षा आयोजित की जाती है।  इसलिए इस परीक्षा का नाम द्वितीय परीक्षा रखा गया है।
यह द्वितीय परीक्षा 7 मई से 3 जून तक आयोजित हो रही है।  प्रथम दिन कक्षा दसवीं का हिंदी विषय और कक्षा 12वीं का बायोटेक्नोलॉजी ,गायन ,वादन, तबला ,पखावज विषयों की परीक्षा होगी । इस परीक्षा में जिले के हाई स्कूल के 3306 और हायर सेकेंडरी के 2791 यानि कुल मिलाकर 6097 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा शुरू होने से पहले जिले के कलेक्टर और प्रतिनिधि की उपस्थिति में केंद्र अध्यक्ष सामग्री प्राप्त कर परीक्षा केंद्रों पर ले जाते हैं। प्रदेश के डीईओ अशोक लोढ़ा ने बताया है कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।