शेयर निवेश के नाम पर साइबर ठगी:

khabar pradhan

संवाददाता

31 January 2026

अपडेटेड: 4:51 PM 0stGMT+0530

शेयर निवेश के नाम पर साइबर ठगी:

भोपाल क्राइम ब्रांच ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर करीब 10 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी में सहयोग करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अपने कमीशन वाले बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह को उपलब्ध कराते थे। इन खातों के माध्यम से ठगी की रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

क्राइम ब्रांच ने बताया कि दोनों आरोपियों को मंदसौर जिले से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में सितंबर 2024 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन इंस्टॉल करवाकर पीड़ित से धोखाधड़ी की थी।

फर्जी एप के जरिए पीड़ित के खाते से 9 लाख 91 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। पुलिस काफी समय से उन बैंक खातों के खाताधारकों की तलाश कर रही थी, जिनमें ठगी की राशि ट्रांसफर हुई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशेर खान और रजनीश बारोट के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मंदसौर जिले के थाना भावगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

भोपाल क्राइम ब्रांच ने जारी की एडवाइजरी :

1..भोपाल क्राइम ब्रांच  एडवाइजरी जारी कर बताया कि टास्क कंप्लीट करने के झांसे में नहीं आए।  आरोपी फर्जी प्रॉफिट दिखाते हैं और ठगी का शिकार बनाते हैं।
2..फोन पर यदि कोई अज्ञात व्यक्ति क्रेडिट कार्ड बैंक खाता, एटीएम या कोई भी फाइनेंशियल जानकारी मांगे तो बैंक शाखा में जाकर संपर्क करें।

3..यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करना, इंस्टा पेज लाइक करने के बदले पैसे देने वाली योजनाएं धोखाधड़ी हो सकती हैं।
4..यदि आपके खाते में 50 या 100  रुपए ट्रांसफर करके विश्वास में लेने की कोशिश होती है तो आपके साथ ठगी हो सकती है।
5..किसी भी यूपीआई पेमेंट लेने के लिए ओटीपी या पिन डालने की आवश्यकता नहीं होती।
6..ऑनलाइन शॉपिंग के लिए भरोसेमंद वेबसाइट का इस्तेमाल करें।  कम बैलेंस वाले बैंक अकाउंट से ही ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करें।
7.. किसी भी अनजान वेबसाइट या लिंक से कोई भी ऐप डाउनलोड ना करें।
8..यदि आप साइबर क्राइम के झांसे में आ गए हैं ,तो संबंधित घटना घटित होने की सूचना साइबर क्राइम के  हेल्पलाइन नंबर 947 99 0636 पर या राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर
1930 पर दें।

टिप्पणियां (0)