अनूपपुर में स्मैक के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, कार और मोबाइल जब्त
संवाददाता
5 February 2026
अपडेटेड: 4:16 PM 0thGMT+0530
जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से स्मैक, कार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमलाई क्षेत्र से होकर स्मैक की खेप अनूपपुर की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर कार चालक भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर कुटी मंदिर के पास वाहन को पकड़ लिया।
पुलिस ने कार की तलाशी लेने पर लगभग 34 पुड़िया स्मैक बरामद की, जिसका कुल वजन करीब 5.67 ग्राम बताया गया है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में हरिकेश सिंह (35 वर्ष), राकेश कुशवाहा (36 वर्ष), संग पटेल (25 वर्ष) और आकाश पटेल (27 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी अनूपपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।