*21 रेल फाटकों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, 90 ओएफसी हट्स में होगा फायर अलार्म सिस्टम*
संवाददाता
12 February 2026
अपडेटेड: 1:55 PM 0thGMT+0530
भोपाल रेल मंडल क्षेत्र में रेल सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा रेल सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस योजना के तहत भोपाल रेल मंडल के 21 रेल फाटकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी पास के 13 रेलवे स्टेशनों से की जाएगी। इससे फाटकों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव होगी।
इसके अलावा रेलवे की संचार व्यवस्था से जुड़े 90 ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) हट्स में फायर अलार्म सिस्टम भी लगाए जाएंगे। ये हट्स रेलवे संचार प्रणाली के लिए महत्वपूर्ण हैं, जहां तकनीकी उपकरण और केबल रखे जाते हैं। आग लगने की स्थिति में रेलवे संचालन प्रभावित हो सकता है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से यह कदम जरूरी माना जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य लगभग एक वर्ष में पूरा किया जाएगा। जिन प्रमुख फाटकों पर कैमरे लगाए जाएंगे उनमें बीड़, पगडाल, बुधनी, कुंभराज, चाचौड़ा-बीना, गंज, सारंगपुर, ब्यावरा, राजगढ़, पचोर रोड, सिंदोरिया काचरी, बदरवास, कोलारस, पड़ाना-मऊ सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि इन दोनों योजनाओं के पूरा होने के बाद भोपाल रेल मंडल में सुरक्षा व्यवस्था अधिक मजबूत होगी, यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा और रेलवे संपत्ति को भी नुकसान से बचाया जा सकेगा।