एनटीपीसी एवं कोल इंडिया में जॉब के नए अवसर, जाने  आवेदन की पूरी प्रक्रिया

khabar pradhan

संवाददाता

12 February 2026

अपडेटेड: 3:26 PM 0thGMT+0530

एनटीपीसी एवं कोल इंडिया में जॉब के नए अवसर, जाने  आवेदन की पूरी प्रक्रिया


NTPC में ट्रेनी के 515 पदों पर भर्ती, चयन में गेट स्कोर होगा अहम

नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NTPC) ने इंजीनियरिंग एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 515 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में इस बार सिविल इंजीनियरिंग के पद शामिल नहीं किए गए हैं।

यह वैकेंसी इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी शाखाओं के लिए जारी की गई है। योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की अंतिम तिथि एवं प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया में गेट 2025 के वैध स्कोर को आधार बनाया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी तय की गई है। चयन के दौरान कुछ स्ट्रीम में ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू भी आयोजित किया जाएगा।

फाइनल मेरिट में गेट स्कोर के साथ ग्रुप डिस्कशन के 5 प्रतिशत और इंटरव्यू के 10 प्रतिशत वेटेज को जोड़ा जाएगा। इसके बाद मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। मेडिकल के बाद अलग-अलग वर्गों की कटऑफ तय कर पोस्टिंग दी जाएगी।

इस भर्ती के लिए ओपन कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए ग्रेजुएशन में न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं आरक्षित वर्ग (SC/ST/PwBD) के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।

वेतनमान

ट्रेनिंग के बाद उम्मीदवारों को स्थायी नियुक्ति दी जाएगी। सैलरी स्केल 40 हजार रुपये से लेकर 1.40 लाख रुपये तक रहेगा। अधिकतम आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए 27 वर्ष रखी गई है।


कोल इंडिया में डिप्लोमा होल्डर्स के लिए 270 पदों पर भर्ती, दो चरणों में होगी परीक्षा

आवेदन की अंतिम तिथि एवं प्रक्रिया

कोल इंडिया ने डिप्लोमा होल्डर्स के लिए 270 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार 5 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

यह भर्ती असिस्टेंट फोरमैन (ट्रेनी) पदों के लिए की जा रही है। चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा के आधार पर होगी।

भर्ती के तहत विभिन्न ट्रेड में पद निर्धारित किए गए हैं। इसमें ईएनटी ग्रेड के लिए मैकेनिकल के 84, इलेक्ट्रिकल के 21 और मैकेनिकल-इलेक्ट्रिकल संयुक्त ट्रेड के 74-74 पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। शेष पद बैकलॉग श्रेणी के हैं।

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग को नियमों के अनुसार 5 वर्ष की छूट दी जाएगी।

वेतनमान

शुरुआती वेतन 47,330 रुपये निर्धारित किया गया है।

परीक्षा प्रक्रिया

परीक्षा दो भागों में आयोजित की जाएगी। पहले सेक्शन में संबंधित इंजीनियरिंग स्ट्रीम से जुड़े कुल 70 प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरे भाग में सामान्य ज्ञान और मेंटल एबिलिटी से जुड़े 30 प्रश्न होंगे।

यह परीक्षा नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) द्वारा आयोजित की जाएगी। विस्तृत सिलेबस और जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

टिप्पणियां (0)