सिक्किम और त्रिपुरा में लगे भूकंप के झटके, किसी नुकसान की सूचना नहीं
संवाददाता
16 February 2026
अपडेटेड: 11:41 AM 0thGMT+0530
भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों में भूकंप के कुल चार झटके दर्ज किए गए, जिनमें तीन झटके सिक्किम और एक त्रिपुरा में आया।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, सिक्किम के नामची क्षेत्र में सुबह 5:26 बजे और फिर 6:58 बजे 2.4 तीव्रता के दो झटके महसूस किए गए। वहीं, मंगन में सुबह 5:10 बजे 2.2 तीव्रता का भूकंप आया।
इसके अलावा त्रिपुरा के गोमती जिले में सुबह 6:38 बजे 2.6 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया। राहत की बात यह रही कि इन झटकों से किसी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप की तीव्रता कम थी और इसका केंद्र जमीन से 5 से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
अफगानिस्तान में सबसे तेज झटका
भारत के अलावा दुनिया के अन्य हिस्सों में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए। अफगानिस्तान में सुबह 4:28 बजे 4.3 तीव्रता का सबसे तेज भूकंप महसूस किया गया। हालांकि वहां भी किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
इसके अलावा म्यांमार में 3.2 तीव्रता के दो झटके आए। अमेरिका के ओक्लाहोमा, इंडोनेशिया के जावा, चिली और पुर्तगाल के अजोरेस द्वीप समूह में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। पुर्तगाल में भूकंप की तीव्रता 2.6 मापी गई।
विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को आए इन झटकों से कहीं भी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। सिक्किम और त्रिपुरा में भी भूकंप का असर जनजीवन पर नहीं पड़ा।
हालांकि, वैश्विक स्तर पर भूकंप हमेशा चिंता का विषय बना रहता है और सतर्कता आवश्यक है।