जनरल टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री, स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब
कुबेरेश्वर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं के कारण भोपाल रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को भारी भीड़ देखने को मिली। रेलवे सूत्रों के मुताबिक सामान्य दिनों में जहां 22 से 25 हजार जनरल टिकट जारी होते हैं, वहीं इस दिन यह संख्या बढ़कर करीब 42 हजार तक पहुंच गई। इसके चलते प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों में जगह-जगह भीड़ नजर आई।
जगह नहीं मिली तो फर्श पर ही बैठे और लेटे यात्री
प्लेटफॉर्म नंबर-1 और अन्य प्रतीक्षालयों में श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक रही कि कई यात्रियों को फर्श पर बैठकर और लेटकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। शाम के समय दो ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान भीड़ और बढ़ गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्टेशन परिसर से बाहर तक लगी रही भीड़
भीड़ इतनी अधिक थी कि स्टेशन परिसर के बाहर तक श्रद्धालु नजर आए। कई यात्रियों ने लॉज और होटल के बाहर भी जगह बनाकर बैठना बेहतर समझा। वहीं कुछ लोग दीवारों और टिकट काउंटर के पास खड़े होकर अपनी ट्रेन का इंतजार करते दिखे।
पुलिस और रेलवे प्रशासन को करनी पड़ी अतिरिक्त व्यवस्था
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे और पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार सामान्य दिनों में स्टेशन पर 60 से 70 हजार यात्रियों की आवाजाही होती है, लेकिन इस दिन संख्या बढ़ कर 1 लाख के आसपास रही। इसके बावजूद व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की गई और सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए।
कुबेरेश्वर से लौटे श्रद्धालुओं का सैलाब: भोपाल स्टेशन पर उमड़ी भारी भीड़

TAGS:

Leave a Reply