खरगोन जिले के निमरानी बायपास पर मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। इंदौर से बेंगलुरु जा रहे आलू से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ देर बाद ट्रक में रखे छोटे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे लपटें और तेज हो गईं। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

हादसे में ट्रक में लदा आलू पूरी तरह जल गया और वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है l घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।