भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय में यूजी-पीजी प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब 15 मार्च तक मिलेगा मौका
संवाददाता
4 March 2026
अपडेटेड: 8:10 PM 0thGMT+0530
भोपाल स्थित मध्य प्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय ने जनवरी 2026 सत्र में प्रवेश को लेकर जारी नोटिफिकेशन में संशोधन किया है। विश्वविद्यालय ने यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 मार्च कर दी है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी तय की गई थी।
विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया को देखते हुए अंतिम तिथि में 15 दिनों की बढ़ोतरी की गई है। अभी तक यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में लगभग 3 हजार 900 विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है।
भोज ओपन यूनिवर्सिटी को यूजी, पीजी और पीजी डिप्लोमा स्तर के करीब 45 पाठ्यक्रमों को संचालित करने की मान्यता मिली हुई है। हर साल जनवरी सत्र में बड़ी संख्या में छात्र इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेते हैं, लेकिन इस बार फिलहाल आवेदन अपेक्षाकृत कम आए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को एबीसी (Academic Bank of Credits) आईडी की तरह एक यूनिक आईडी बनानी होगी, जिसे डीईबी आईडी कहा जाता है। इसी आईडी के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को व्यवस्थित किया जाएगा।
प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ने से अब अधिक विद्यार्थियों को आवेदन करने का अवसर मिल सकेगा।