ओरछा में होली का भव्य उत्सव, भक्तों संग रंग खेलेंगे श्रीराम राजा सरकार
संवाददाता
6 March 2026
अपडेटेड: 12:55 PM 0thGMT+0530
6 मार्च 2026
टीकमगढ़/ओरछा। होली के पावन अवसर पर शुक्रवार को ओरछा में विराजमान श्रीराम राजा सरकार भक्तों के साथ रंगों की होली खेलेंगे। शाम की आरती के बाद मंदिर परिसर में होली महोत्सव की शुरुआत होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
इस खास अवसर पर ओरछा आने वाले विदेशी पर्यटक भी रंगों के इस उत्सव में सराबोर नजर आएंगे। फ्रांस की लीजा एडवर्ड ने होली को प्रेम और सम्मान का पर्व बताया और इस अनोखे उत्सव को करीब से देखने की इच्छा जताई।
मंदिर के पुजारी विजय महाराज के अनुसार, शाम 8 बजे बनवासी राम मंदिर से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद रात 10 बजे मंदिर परिसर में पारंपरिक होली और फाग गायन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्त भक्ति और रंगों के साथ उत्सव का आनंद लेंगे।