असम में सुखोई-30 क्रैश, प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हादसा… दोनो पायलट शहीद
संवाददाता
7 March 2026
अपडेटेड: 1:04 PM 0thGMT+0530
7 मार्च 2026
नई दिल्ली: असम में भारतीय वायुसेना का सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलट शहीद हो गए। जानकारी के मुताबिक यह विमान असम के जोरहाट एयरबेस से प्रशिक्षण उड़ान के लिए उड़ा था, लेकिन गुरुवार रात करीब 7:42 बजे रडार से संपर्क टूट गया।
बाद में वायुसेना की खोजी टीम ने विमान का मलबा असम के कार्बी आंगलोंग जिले में बरामद किया। दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर अनुज वसिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागर शहीद हो गए। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागर नागपुर के रहने वाले थे और पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर में भी शामिल रहे थे। उनके पिता रविंद्र रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि माता संध्या होममेकर हैं।
वहीं स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ हरियाणा के गुरुग्राम के निवासी थे। उनकी जल्द ही शादी होने वाली थी और परिवार में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। अनुज ने बीटेक के बाद टीसीएस में नौकरी की थी और वर्ष 2015 में भारतीय वायुसेना में शामिल हुए थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताते हुए शहीद पायलटों को श्रद्धांजलि दी है।