AIMS भोपाल में नई डिजिटल व्यवस्था: व्हाट्सएप से मिलेगा अपॉइंटमेंट, उसी पर आएगी जांच रिपोर्ट
संवाददाता
7 March 2026
अपडेटेड: 1:10 PM 0thGMT+0530
7 मार्च 2026
भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में मरीजों की सुविधा के लिए जल्द ही नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की जा रही है। इस महीने के अंतिम सप्ताह से मरीज व्हाट्सएप के जरिए अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे और जांच रिपोर्ट भी उसी पर प्राप्त कर सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य अस्पताल में लगने वाली लंबी कतारों को कम करना और मरीजों को बेहतर सुविधा देना है।
नई प्रणाली के तहत मरीज या उनके परिजन व्हाट्सएप पर अपॉइंटमेंट स्लॉट चुन सकेंगे। अस्पताल पहुंचने पर क्यू मैनेजमेंट ऐप के माध्यम से टोकन नंबर मिलेगा। जांच के बाद रिपोर्ट पीडीएफ के रूप में व्हाट्सएप पर भेज दी जाएगी। साथ ही अस्पताल के नेविगेशन फीचर के जरिए मरीजों को संबंधित विभाग तक पहुंचने में भी आसानी होगी।
डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम से टोकन वितरण, विभाग में एंट्री और डॉक्टर से परामर्श तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। ओपीडी में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से विभागवार प्रतीक्षा समय की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।
नई व्यवस्था में जांच और अन्य सेवाओं का भुगतान ऑनलाइन होगा। यदि मरीज से अधिक राशि जमा हो जाती है और खर्च कम आता है, तो शेष राशि का रिफंड सीधे ऐप के माध्यम से दिया जाएगा। इससे काउंटर पर भीड़ कम होने की उम्मीद है।
यह प्रणाली शुरुआत में एक महीने तक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू की जाएगी। सफल रहने पर इसे पूरे अस्पताल परिसर में लागू किया जाएगा, जिससे रोजाना आने वाले लगभग 10 से 12 हजार मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ को लाभ मिलेगा।