विजयपुर उपचुनाव पर बड़ा फैसला: कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य
संवाददाता
10 March 2026
अपडेटेड: 4:50 PM 0thGMT+0530
10 मार्च 2026
मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर उच्च न्यायालय ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। न्यायमूर्ति जी.एस. अहलूवालिया ने अपने आदेश में उपचुनाव में विजयी हुए कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया।
अदालत ने अपने फैसले में मल्होत्रा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री रामनिवास रावत को विजयी माना है। हालांकि न्यायालय ने अपने आदेश पर स्थगन देते हुए मल्होत्रा को सुप्रीम कोर्ट में इस फैसले को चुनौती देने के लिए 15 दिन का समय भी दिया है।
इस कारण यह माना जा रहा है कि अदालत ने रामनिवास रावत को विधायक तो मान लिया है, लेकिन उन्हें अभी शपथ लेने से रोक दिया है।
दरअसल, रामनिवास रावत की ओर से चुनाव याचिका दायर कर यह आरोप लगाया गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने अपने चुनावी शपथपत्र में उनके खिलाफ विचाराधीन आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी। इसी आधार पर अदालत में उनके निर्वाचन को चुनौती दी गई थी।
मामले में मल्होत्रा की ओर से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने पैरवी की, जबकि रामनिवास रावत की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता निपुण सक्सेना ने अदालत में पक्ष रखा।
उच्च न्यायालय के इस फैसले के बाद विजयपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की नजर इस मामले में संभावित सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी है l
मामले की सुनवाई 26 फरवरी 2026 को पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। बाद में विस्तृत आदेश जारी करते हुए अदालत ने मल्होत्रा को जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत दोषी मानते हुए उनका चुनाव रद्द कर दिया और रामनिवास रावत को विजयी घोषित किया।
हालांकि अदालत ने अपने आदेश पर अंतरिम रोक लगाते हुए मल्होत्रा को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए 15 दिन का समय भी दिया है।
गौरतलब है कि विजयपुर सीट पर 12 नवंबर 2024 को उपचुनाव हुआ था, जिसका परिणाम 23 नवंबर को घोषित हुआ था। इस चुनाव में कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने भाजपा के रामनिवास रावत को 7364 मतों से हराया था।
वहीं, इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी इस निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है।