गुना कृषि उपज मंडी में नीलामी प्रक्रिया हुई ठप,: आक्रोशित किसानों ने हाईवे पर किया चक्का जाम
संवाददाता
11 March 2026
अपडेटेड: 8:54 PM 0thGMT+0530
11 मार्च 2026:
मध्य प्रदेश/ गुना/
गुना कृषि मंडी में किसानों का चक्का जाम:
गुना की कृषि उपज मंडी में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया जब एक मंडी इंस्पेक्टर की तानाशाही के कारण नीलामी प्रक्रिया ठप हो गई ।घंटों तक मंडी बंद रहने से आक्रोशित किसानों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लगी रही। जिसे बाद में कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया।
दरअसल ड्यूटी पर तैनात मंडी निरीक्षक राजकुमार शर्मा शराब के नशे में बुरी तरह धुत थे । नीलामी के दौरान एक किसान की सरसों की ऊंची बोली 5700 रूपए प्रति क्विंटल लगी थी। लेकिन नशे में धुत इंस्पेक्टर ने गलती से 5400 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज कर दिया । जब किसान ने इस अंतर का विरोध किया तो इंस्पेक्टर ने अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया। जबकि खरीदार व्यापारी भी 5700रुपये प्रति क्विंटल में फसल लेने को तैयार था। किंतु इंस्पेक्टर पर्ची सुधारने और हस्ताक्षर न करने पर अड गया।
किसान घंटों परेशान होते दिखे:
इंस्पेक्टर ने व्यापारियों के साथ बदतमीजी की । जिससे नाराज होकर व्यापारियों ने फसल खरीदी का बहिष्कार कर दिया और मंडी बंद करा दी। किसान घंटों बिना नीलामी के परेशान होते रहे। किसानों का कहना था कि मंडी प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें दो-दो बार ट्रैक्टर का भाड़ा देना पड़ता है ।कई किसानों के घर में शादियां हैं। वह अपनी उपज बेचकर पैसों का इंतजाम करने आए हैं । किंतु मंडी कर्मचारियों की मनमानी से उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया।
इसी बीच एक किसान काफी बेबसी और आंखों में आंसू भरे हाथ जोड़कर गुहार लगाता दिखा। उसका कहना था कि उसके घर में बेटी का ब्याह है उसे पैसों की जरूरत है यदि समय पर फसल नहीं बिकी और पैसे नहीं मिले तो घर में शादी कैसे होगी।
इन सभी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने एक्शन लेते हुए दोषी कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश दे दिया।