चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव की घोषणा, 9–29 अप्रैल के बीच मतदान

khabar pradhan

संवाददाता

16 March 2026

अपडेटेड: 5:32 PM 0thGMT+0530

चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव की घोषणा, 9–29 अप्रैल के बीच मतदान

16 मार्च 2026

नई दिल्ली। चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 824 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि 9 से 29 अप्रैल के बीच 21 दिनों में मतदान की प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

इन राज्यों में यह चुनाव अपेक्षाकृत कम समय में कराए जा रहे हैं। इससे पहले 2021 में 34 दिन, 2016 में 43 दिन, 2011 में 36 दिन और 2006 में 35 दिन में मतदान संपन्न हुआ था।

इस बार के चुनाव कई राज्यों में राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माने जा रहे हैं। तमिलनाडु में डीएमके लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की कोशिश करेगी। वहीं पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी चौथी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रही हैं।

केरल में लेफ्ट तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस के लिए भी यहां जीत की उम्मीदें हैं, क्योंकि पार्टी के सबसे अधिक लोकसभा सांसद इसी राज्य से हैं।

वहीं असम और पुडुचेरी में भाजपा क्रमशः तीसरी और दूसरी बार सरकार बनाने के प्रयास करेगी l

छह राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव अप्रैल में, मतदान 9 और 23 अप्रैल को

चुनाव आयोग ने गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की 8 रिक्त विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर मतदान अप्रैल महीने में कराया जाएगा।

गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र की सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। सभी उपचुनावों की मतगणना 4 मई को होगी।

गोवा की पोंडा, कर्नाटक की बागलकोट और दावणगेरे (दक्षिण), नागालैंड की कोहिमा (अजजा) तथा त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराए जाएंगे। इन सीटों के लिए 16 मार्च को अधिसूचना जारी की जाएगी और उम्मीदवार 23 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी, जबकि उम्मीदवार 26 मार्च तक नाम वापस ले सकेंगे। इन सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।

वहीं गुजरात की उमरेठ तथा महाराष्ट्र की राहुरी और बारामती विधानसभा सीटों के लिए 30 मार्च को अधिसूचना जारी होगी और 6 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

टिप्पणियां (0)