कच्चे तेल में उछाल का असर: प्रीमियम पेट्रोल 2.3 रुपये महंगा, इंडस्ट्रियल डीजल में बड़ी बढ़ोतरी
संवाददाता
21 March 2026
अपडेटेड: 4:28 PM 0stGMT+0530
21 मार्च 2026
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर अब घरेलू बाजार में दिखने लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2 से 2.3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 20 मार्च 2026 से लागू कर दी गई हैं।
इस बढ़ोतरी के तहत भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल द्वारा बेचे जाने वाले स्पीड, पावर और एक्सपी95 जैसे प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2.09 से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं।
वहीं, इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में भी बड़ा इजाफा हुआ है। इसके दाम 87.67 रुपये से बढ़ाकर 109.59 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं, यानी 21.92 रुपये प्रति लीटर की सीधी वृद्धि। कंपनियों का कहना है कि यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के कारण की गई है।
इस फैसले का असर अब उद्योग, परिवहन और बिजली उत्पादन की लागत पर पड़ने की संभावना है। हालांकि, आम पेट्रोल (रेगुलर) की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।