Share

27 मार्च 2026

नई दिल्ली|एअर इंडिया की दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट (एआई-111) को गुरुवार को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। विमान सुबह 6 बजे दिल्ली से हीथ्रो (लंदन) के लिए रवाना हुआ था। जब विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तब पायलट को ‘असामान्य आवाजें’ सुनाई दीं। इससे तकनीकी गड़बड़ी का संदेह हुआ। सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने विमान को वहीं से वापस मोड़ने का फैसला लिया। करीब 7 घंटे हवा में रहने के बाद दोपहर 12:30 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एअर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, एहतियात के तौर पर विमान को वापस बुलाया गया। गौरतलब है कि इसी ए350-900 विमान में 15 मार्च को रो न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान के दौरान भी खराबी आई थी, जिसके चलते उसे आयरलैंड डायवर्ट करना पड़ा था।


Share