11 अप्रैल 2026
भोपाल:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने मुख्यमंत्री निवास से महज 500 मीटर की दूरी पर एक बुजुर्ग डॉक्टर को अपना निशाना बनाया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
साइकिलिंग कर रहे डॉक्टर को बनाया निशाना
टीबी ट्रेनिंग सेंटर के पूर्व विभागाध्यक्ष (HOD) 65 वर्षीय डॉक्टर मनोज वर्मा शनिवार सुबह अपने घर से साइकिलिंग के लिए निकले थे। जब वे पॉलीटेक्निक रोड पर मजार के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया। इससे पहले कि डॉक्टर कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया।
आंखों में जलन के कारण जब डॉक्टर बेबस हो गए, तो बदमाशों ने उनसे 11 तोले का सोने का कड़ा, घड़ी और बटुए में रखे 2500 रुपये लूट लिए। बदमाशों ने विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी वारदात को महज दो मिनट के भीतर अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए।
डॉक्टर को आई गंभीर चोटें
सड़क पर गिरने की वजह से डॉक्टर मनोज वर्मा के कूल्हे की हड्डी टूट गई (फ्रैक्चर) है। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शनिवार को उनके कूल्हे का ऑपरेशन किया जाना तय हुआ है। बता दें कि डॉक्टर वर्मा शाहजहानाबाद में क्लिनिक चलाते हैं और इसी महीने 30 अप्रैल को वे अपनी सरकारी सेवाओं से रिटायर होने वाले हैं।
सुरक्षा के दावों की खुली पोल
हैरानी की बात यह है कि जहां यह लूट हुई, वहां से थोड़ी ही दूरी पर मुख्यमंत्री निवास, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री प्रहलाद पटेल और कई विधायकों के सरकारी बंगले हैं। पास में ही पुलिस का स्थाई चेक पॉइंट भी है, फिर भी बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे गए।
पुलिस की जांच जारी
एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित के अनुसार, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इस साल राजधानी में लूट की 30 से अधिक वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिससे आम जनता में डर का माहौल है।


Leave a Reply