25 मिनट हवा में रही फ्लाइट, 190 यात्रियों की सांस अटकी:

29 अप्रैल 2026: अमृतसर:

अमृतसर में रात को करीब 40 मिनट तक धूल भरी आंधी के बाद बूंदाबांदी हुई। इस दौरान दिल्ली से 190 यात्रियों को लेकर आई इंडिगो की फ्लाइट को वापस डायवर्ट करना पड़ा। यात्रियों के अनुसार हंवाएं इतनी तेज थी कि विमान भी डोल रहा था। इस कारण बच्चे रोने लगे बड़े भी परेशान होते रहे सभी यात्रियों की सांस अटकी पड़ी थी । फ्लाइट में ज्यादातर यात्री अमृतसर और जालंधर के थे, जो कि रात तक दिल्ली एयरपोर्ट पर भी फंसे हुए थे।

दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2045 रात 9.30 बजे दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुई और करीब 10.15 बजे अमृतसर में प्रवेश की। इसी बीच अमृतसर में धूल भरी आंधी ने जोर पकड़ लिया। एक यात्री ने बताया कि खराब मौसम के कारण विमान लगातार हिलता रहा। संतुलन बनाने में भी पायलट को दिक्कत पेश आ रही थी।

इसी वजह से विमान 25 मिनट तक हवा में ही उड़ता रहा और तेज हवा से हिचकोले खाता रहा। इस विमान में 190 यात्री सवार थे और सभी यात्रियों में डर का माहौल पैदा हो गया था।