2 मई 2026
भोपाल:
भोपाल में नशे के बढ़ते चलन को रोकने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने अब अपनी सख्ती बढ़ा दी है। गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन को जड़ से खत्म करने के इरादे से पुलिस ने उन सामानों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है, जिनका इस्तेमाल नशा करने के लिए किया जाता है। इसी कड़ी में भोपाल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पान की गुमठियों पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित ‘कैप्टन गोगो’ रोलिंग पेपर और स्मोकिंग कोन जब्त किए गए हैं।
इन इलाकों में हुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चलाए गए इस संयुक्त अभियान में शहर के कई बड़े थाना क्षेत्रों की पुलिस शामिल थी। कजलीखेड़ा, बागसेवनिया, निशातपुरा, खजुरी सड़क और बैरागढ़ पुलिस ने एक साथ कई पान की दुकानों पर दबिश दी।
सबसे ज्यादा कार्रवाई कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में देखने को मिली, जहाँ पुलिस ने गेहूंखेड़ा मेन रोड और बैरागढ़ चीचली इलाके में स्थित जय अंबे पान पैलेस, देव पान पैलेस और अमन पान पैलेस जैसे ठिकानों पर छापेमारी की।
गिरफ्तारियां और जब्त किया गया सामान
छापेमारी के दौरान पुलिस ने न केवल सामान जब्त किया, बल्कि इसे बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किए हैं:
1. गेहूंखेड़ा निवासी प्रदीप उर्फ दीपक यादव (29 वर्ष) के पास से 50 गोगो स्मोकिंग कोन और 14 रोलिंग पेपर बरामद हुए।
2. विजय सिंह राजपूत (41 वर्ष) के कब्जे से 63 पैकेट और 57 गोगो बॉक्स जब्त किए गए।
3. अमन यादव (25 वर्ष) के पास से 74 रोलिंग पेपर और 37 गोगो कोन मिले।
इसके अलावा अवंतिका पान पैलेस के संचालक ऋषिकांत साहू और निशातपुरा व बैरागढ़ क्षेत्र के अन्य दुकानदारों जैसे महेंद्र लोधी, सुरेश तोतलानी और मोहन असनानी पर भी प्रतिबंधात्मक सामग्री बेचने के मामले में कार्रवाई की गई है।
दिल्ली से जुड़ा है सप्लाई का नेटवर्क
पुलिस की जांच में एक बड़ी बात सामने आई है कि इन प्रतिबंधित रोलिंग पेपर्स की सप्लाई दिल्ली से की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी उन दुकानदारों पर शिकंजा कसा है जो इसे बेच रहे थे, लेकिन इस सामग्री का निर्माण और सप्लाई करने वाली मुख्य कंपनी के खिलाफ फिलहाल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और नशीले पदार्थों की बिक्री के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है।


Leave a Reply