8 मई 2026
पटना:
बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का भव्य विस्तार गुरुवार को ऐतिहासिक गांधी मैदान में संपन्न हुआ। इस समारोह में सम्राट समेत कुल 32 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस विस्तार के साथ ही राज्य की राजनीति को एक नई दिशा देने की कोशिश की गई है।
नीतीश कुमार और पीएम मोदी के बीच दिखी पुरानी गर्मजोशी
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की केमिस्ट्री की रही। जैसे ही प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचे, दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया। एक भावुक पल तब आया जब पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया और उनके कंधे पर हाथ रखकर आत्मीयता से बात की। इस दृश्य ने बिहार की राजनीति की पुरानी यादों को ताजा कर दिया और यह संदेश दिया कि एनडीए के भीतर तालमेल काफी मजबूत है।
सामाजिक समीकरणों का रखा गया खास ख्याल
नया मंत्रिमंडल बनाने में जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। भाजपा ने इस विस्तार के जरिए न केवल अपने संगठन के प्रति निष्ठा रखने वालों को इनाम दिया है, बल्कि नई पीढ़ी और युवा चेहरों को भी मौका दिया है। मंत्रिमंडल में पिछड़ा, अति-पिछड़ा, दलित, सवर्ण, युवा और महिला प्रतिनिधियों के बीच एक व्यापक संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। खासकर वैश्य और अति-पिछड़ा वर्ग को प्राथमिकता देकर भाजपा ने अपने पारंपरिक वोट बैंक के साथ-साथ नए सामाजिक समूहों को भी साधने का प्रयास किया है।
निशांत कुमार ने छूए पीएम के पैर
समारोह का एक और आकर्षण नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार रहे। वे भीड़ में कहीं पीछे खड़े थे, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी ने खुद आगे बुलाया। निशांत ने आगे बढ़कर पीएम मोदी के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए काफी यादगार रहा।
एनडीए के सहयोगी दलों की रही मजबूत मौजूदगी
इस शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के सभी प्रमुख घटक दलों की भागीदारी दिखी। प्रधानमंत्री मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान, हम (सेक्यूलर) के संतोष सुमन और रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी मंच पर मौजूद रहे।
अब कुल 35 मंत्री, एक पद अभी भी खाली
सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल की कुल संख्या अब 35 हो गई है। नियमों के अनुसार अभी भी एक मंत्री पद रिक्त है, जिसकी चर्चा है कि उसे आने वाले समय में भरा जा सकता है। इस विस्तार से साफ है कि सरकार अब पूरी मजबूती के साथ विकास और आगामी चुनावी तैयारियों में जुटने वाली है।


Leave a Reply