9 मई 2026: खबर प्रधान डेस्क:

लखनऊ:
लखनऊ में बागवानी का एक ऐसा अनोखा नमूना सामने आया है जिसे देखकर हर कोई दंग है। यहां एक ही पेड़ पर 334 अलग-अलग किस्मों के आम फल रहे हैं। इस अद्भुत उपलब्धि को ‘फ्रूट होराइजन-2026’ प्रदर्शनी में दिखाया गया, जहाँ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी वैज्ञानिकों की जमकर तारीफ की।
वैज्ञानिकों ने बताया कि यह करिश्मा ग्राफ्टिंग तकनीक के जरिए मुमकिन हो पाया है। आमतौर पर एक पेड़ पर एक ही तरह का फल लगता है, लेकिन इस खास पेड़ की टहनियों पर अलग-अलग वैरायटी को जोड़कर इसे तैयार किया गया है। इस पेड़ पर दशहरी, लंगड़ा और चौसा जैसी मशहूर किस्मों के साथ-साथ कई दुर्लभ प्रजातियां भी एक साथ देखने को मिल रही हैं।
प्रदर्शनी के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने वैज्ञानिकों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि कृषि के क्षेत्र में इस तरह के नवाचार किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकते हैं। उन्होंने इस प्रयोग को खेती और विज्ञान का एक बेहतरीन मेल बताया।
इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कम जगह में अधिक विविधता और पैदावार देने की क्षमता रखती है। वैज्ञानिकों का लक्ष्य है कि आने वाले समय में इस तकनीक को और भी बेहतर बनाकर आम लोगों और किसानों तक पहुँचाया जाए ताकि एक ही बाग में लोग कई तरह के आमों का स्वाद ले सकें।