18 मई 2026:
खबर प्रधान डेस्क :
मध्य प्रदेश/ इंदौर/

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र के कर्बला के पास आज सोमवार सुबह टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आगजनी की घटना सामने आई है । इस भीषण आग से अफरातफरी का माहौल हो गया  । आग इतनी तेज थी कि धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही  फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू हुआ। 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। .फायर ब्रिगेड के मुताबिक, गोदाम में आग लगते ही कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में शादी-ब्याह के लिए इस्तेमाल होने वाला टेंट और डेकोरेशन का सामान रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई।

आग बुझाने के लिए फायर फाइटिंग रोबोट का भी हुआ इस्तेमाल:
आग बुझाने के लिए नगर निगम के फायर फाइटिंग रोबोट का भी इस्तेमाल किया गया। क्योंकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल विभाग को गोदाम के अंदर प्रवेश करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। इस दौरान रोबोट तकनीक का इस्तेमाल करते हुए आग पर काबू करने का प्रयास किया गया। ‌जिससे पानी की तेज बौछार डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। इसके अलावा टीन शेड को जेसीबी और पोकलेन मशीन से हटाया गया ताकि अंदर तक पानी पहुंच सके। करीब 25 से ज्यादा टैंकर पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय लोग टैंकर का पानी लूटने में रहे व्यस्त: इस आगजनी की घटना में फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है।  किंतु चार से अधिक टेंट के गोदाम जलकर खाक हो गए।  जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। इस दुर्घटना  के दौरान कुछ अजीबोगरीब मामला भी सामने आया।‌ जब फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थी ,इस दौरान लोग टैंकर से पानी निकाल कर अपने घर में इकट्ठा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि खजराना क्षेत्र में काफी दिनों से पानी की किल्लत है ,जिसे लेकर क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हंडिया भी पानी को लेकर महापौर के कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े किए थे।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है, शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है…